EAAA India Alternatives IPO: अगले हफ्ते के पहले कारोबारी दिन 26 अक्टूबर को अल्टरनेटिव इंवेस्टमेंट मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म ईएएए इंडिया अल्टरनेटिव्स का ₹1,200 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। यह आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल का है और ग्रे मार्केट में इसकी सेहत मजबूत दिख रही है। ग्रे मार्केट में बात करें तो इसके शेयर ₹121 यानी 7.27% की GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) पर हैं। हालांकि मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक ग्रे मार्केट से मिले संकेतों की बजाय कंपनी के फंडामेंटल्स और फाइनेंशियल के आधार पर ही निवेश का फैसला लेना चाहिए।
EAAA India Alternatives IPO की डिटेल्स
ईएएए इंडिया अल्टरनेटिव्स का ₹1,200 करोड़ का आईपीओ 26-28 अक्टूबर के बीच पब्लिक सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इश्यू खुलने पर इसमें ₹1585-₹1665 के प्राइस बैंड और 9 शेयरों के लॉट में पैसे लगा सकेंगे। इश्यू का 50% हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित है जबकि 15% नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) और 35% खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है। आईपीओ के तहत शेयरों का अलॉटमेंट 29 अक्टूबर को फाइनल होगा। फिर बीएसई और एनएसई पर 2 नवंबर को एंट्री होगी। इश्यू का रजिस्ट्रार एमयूएफजी इनटाइम इंडिया है।
अब आईपीओ के पैसों के इस्तेमाल की बात करें तो चूंकि यह इश्यू पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल का है तो इसका पैसा कंपनी की बजाय शेयर बेचने वाले प्रमोटर एडलवाइज सिक्योरिटीज एंड इंवेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड को मिलेगा। आईपीओ के ड्राफ्ट के मुताबिक प्रमोटर को इसके शेयर ₹54.45 के औसतन वेटेज कॉस्ट पर मिला था।
EAAA India Alternatives के बारे में
ईएएए इंडिया अल्टरनेटिव्स एक अल्टरनेटिव इंवेस्टमेंट मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म है, जिसका फोकस देश के रियल एसेट्स और प्राइवेट क्रेडिट मार्केट्स पर है। यह इंवेस्टमेंट फंड्स मैनेज करती है और देशी-विदेशी संस्थागत निवेशकों, HNIs (हाई-नेटवर्थ इंडिविजुअल्स), uHNIs (अल्ट्रा-हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल्स) और फैमिली ऑफिसेज को अल्टरनेटिव इंवेस्टमेंट सॉल्यूशंस मुहैया कराती है।
जून 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक कंपनी ₹95,344.88 करोड़ का AUM (एसेट्स अंडर मैनेजमेंट) और ₹486,23.18 करोड़ का FPAUM (फी-पेईंग एसेट्स अंडर मैनेजमेंट) मैनेज कर रही है। इसके पोर्टफोलियो में दो InvITs (इंफ्रास्ट्रक्चर इंवेस्टमेंट्स ट्रस्ट्स) समेत 10 एक्टिव रियल एसेट्स फंड और 16 एक्टिव प्राइवेट क्रेडिट फंड्स हैं।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2024-26 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना 23% की रफ्तार यानी CAGR से बढ़कर ₹265.20 करोड़ और टोटल इनकम 28% से अधिक के सीएजीआर से ₹963.76 करोड़ पर पहुंच गया। अब चालू वित्त वर्ष 2027 की बात करें तो पहली तिमाही अप्रैल-जून 2026 में कंपनी को ₹80.71 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹336.13 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हुआ था। जून 2026 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹399.20 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹1,128.24 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।