Sillverton Industries IPO: उत्तर प्रदेश की पेपर प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी सिल्वरटन इंडस्ट्रीज अपना IPO ला रही है। जुटाए गए पैसों की मदद से कंपनी विस्तार करेगी और कर्ज का बोझ कम करेगी। IPO के लिए ड्राफ्ट कैपिटल मार्केट रेगुलेटर SEBI के पास जमा हो चुका है। कंपनी इको-फ्रेंडली यानि पर्यावरण के अनुकूल स्पेशिएलिटी पेपर और पेपर प्रोडक्ट बनाती है।
ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस के मुताबिक, Sillverton Industries IPO में 300 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर जारी होंगे। साथ ही कंपनी के प्रमोटर जैन परिवार की ओर से 3.22 करोड़ इक्विटी शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा। IPO के लिए पैंटोमैथ कैपिटल एडवाइजर्स एकमात्र बुक-रनिंग लीड मैनेजर है।
वित्त वर्ष 2023-24 में Sillverton Industries का मुनाफा 30 प्रतिशत बढ़कर 88.6 करोड़ रुपये हो गया। रेवेन्यू 1.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 879.6 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। अप्रैल-दिसंबर 2024 के दौरान कंपनी का मुनाफा 82.4 करोड़ रुपये और रेवेन्यू 745.16 करोड़ रुपये था।
Sillverton Industries IPO के पैसों का कैसे होगा इस्तेमाल
IPO में नए शेयरों को जारी कर जुटाए गए पैसों में से कंपनी 129.4 करोड़ रुपये का इस्तेमाल 14 मेगावाट के वेस्ट-टू-एनर्जी कैप्टिव पावर प्लांट और एक कंप्रेस्ड बायो गैस प्लांट लगाने के लिए करेगी। 25.2 करोड़ रुपये रिवाइंडर और शीटर कैपेसिटी को बढ़ाने और इन-हाउस गोदाम बनाने पर खर्च होंगे। 72 करोड़ रुपये की मदद से कर्ज को कम किया जाएगा। सिल्वरटन इंडस्ट्रीज के मुताबिक, 20 जून 2025 तक कंपनी पर बकाया उधारी 274.3 करोड़ रुपये थी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।