Skyways Air Services IPO: स्काईवेज एयर सर्विसेज के आईपीओ को इनवेस्टर्स का जबर्दस्त रिस्पॉन्स मिला है। 27 अगस्त को सुबह 10:25 बजे तक यह इश्यू 7 गुना सब्सक्राइब हो चुका था। यह जानकारी एनएसई के डेटा पर आधारित है। कंपनी का आईपीओ 582.8 करोड़ रुपये का है। नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (एनआईआई) कैटेगरी में यह इश्यू सबसे ज्यादा 12.83 फीसदी सब्सक्राइब हुआ है।
आज इस आईपीओ में बोली लगाने का आखिरी मौका
Skyways Air Services का आईपीओ 24 अगस्त को खुला था। इस इश्यू में आज यानी 27 अगस्त तक बोली लगाई जा सकती है। कंपनी ने प्रति शेयर 131-138 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। प्राइस बैंड के ऊपरी लेवल पर कंपनी का प्लान 582.8 करोड़ रुपये जुटाने का है। इस आईपीओ में कंपनी इनवेस्टर्स को 2.88 करोड़ नए शेयर इश्यू करेगी। 1.33 करोड़ शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए बेचे जाएंगे।
ग्रे मार्केट प्रीमियम दे रहा स्ट्रॉन्ग लिस्टिंग गेंस के संकेत
स्काईवेज एयर सर्विसेज के शेयर पर जबर्दस्त ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) चल रहा है। इनवेस्टरगेन के मुताबिक, 27 अगस्त को इस शेयर का जीएमपी 42 रुपये था। इसका मतलब है कि इस शेयर की लिस्टिंग स्टॉक मार्केट्स में 180 रुपये पर हो सकती है। इससे इनवेस्टर्स को करीब 30.43 फीसदी लिस्टिंग गेंस हो सकता है। इनवेस्टर्स को यह समझने की जरूरत है कि जीएमपी से शेयर की लिस्टिंग के बारे में सिर्फ एक संकेत मिलता है। यह किसी तरह की गारंटी नहीं है।
कंपनी ने एंकर इनवेस्टर्स से जुटाए 174.5 करोड़ रुपये
आईपीओ खुलने से पहले कंपनी ने एंकर बुक के जरिए 174.5 करोड़ रुपये जुटाए हैं। उसने 17 एंकर इनवेस्टर्स को प्रति शेयर 138 रुपये की कीमत पर शेयर जारी किए हैं। कई बड़े इनवेस्टर्स ने बतौर एंकर इनवेस्टर्स इस इश्यू में निवेश किए हैं। इनमें नोमुरा सिंगापुर, सिटीग्रुप, एलसी फरोस मल्टी स्ट्रेटेजी फंड, होलानी वेंचर कैपिटल फंड शामिल हैं। घरेलू म्यूचुअल फंड कंपनियों ने भी बतौर एंकर इनवेस्टर्स निवेश किए हैं।
FY26 में कंपनी का प्रॉफिट 32 फीसदी और रेवेन्यू 25 फीसदी बढ़ा
कंपनी ने आईपीओ से मिले 216.8 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने के लिए करने का प्लान बनाया है। जून 2026 में कंपनी पर कुल 586.2 करोड़ रुपये का कर्ज था। कंपनी 130 करोड़ रुपये का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल की जरूरतें पूरी करने के लिए करेगी। FY26 में कंपनी का प्रदर्शन अच्छा रहा। इस दौरान प्रॉफिट साल दर साल आधार पर 32 फीसदी बढ़कर 63.5 करोड़ रुपये रहा। ऑपरेशंस से रेवेन्यू 25.1 फीसदी बढ़कर 2,812.9 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी कई तरह की लॉजिस्टिक्स और फ्रेट फॉरवरर्डिंग सर्विसेज देती है
स्काईवेज एयर सर्विसेज एक लॉजिस्टिक्स और फ्रेट फॉरवार्डिंग कंपनी है। यह व्यापक सप्लाई चेन और ट्रांसपोर्टेशन सॉल्यूशंस घरेलू और इंटरनेशनल मार्केट में ऑफर करती है। इसके सर्विसेज में फ्रेट फॉरवार्डिंग, ओशन फ्रेट फॉरवार्डिंग, रोड ट्रांसपोर्टेशन, वेयरहाउसिंग, कस्टम ब्रोकरेज और टेक्नोलॉजी आधारित एक्सप्रेस कार्गो और पार्सल डिलीवरी सर्विसेज शामिल हैं।