सॉफ्टबैंक ग्रुप और अलीबाबा ग्रुप के निवेश वाली भारत की ऑनलाइन रिटेलर स्नैपडील आईपीओ लाने की तैयारी में है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, कंपनी अगले कुछ हफ्तों में 25 करोड़ डॉलर के आईपीओ के लिए सेबी में अपने पेपर दाखिल कर सकती है। मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि स्नैपडील 2022 की शुरुआत में आईपीओ की अर्जी दाखिल करने के बाद जल्द ही आईपीओ लाने की तैयारी में है। गौरतलब है कि स्नैपडील को कभी भारत में एमेजॉन और फ्लिपकार्ट की बड़ी प्रतिद्वंदी माना जाता था।
सूत्रों के मुताबिक, कंपनी 1.5 अरब डॉलर के वैल्यूएश पर 25 करोड़ डॉलर तक जुटानेकी तैयारी में है। कंपनी ने इस खबर पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है। स्नैपडील छोटे शहरों के उपभोक्ताओं, बढ़ती मांग को पूरा करती है। वर्तमान में फ्लिपकार्ट और ऐमजॉन जैसे बड़े प्रतिद्वंदियों की तुलना में कंपनी काफी पिछड़ गई है।
अगर स्नैपडील का आईपीओ आता है तो यह पेटीएम के बाद आने वाला दूसरा सबसे बड़ा टेक कंपनी का आईपीओ होगा। बता दें कि स्नैपडील की स्थापना कुणाल बहल ने साल 2010 में की थी। कंपनी का फोकस टियर टू और टियर थ्री शहरों पर ज्यादा है।
बता दें कि 2021 में अब तक करीब 36 कंपनियों ने 60200 करोड़ रुपये के आईपीओ लॉन्च किए हैं। बहुत सारे स्टार्टअप लिस्टिंग की तैयारी में है। ये फिनटेक या ई-कॉमर्स इंडस्ट्री से संबंधित हैं। Warburg Pincus के निवेश वाली फार्मेसी चेन MedPlus Health Services और सर्जिकल इंस्ट्रूमेंट बनाने वाली कंपनी और Apax Partners के निवेश वाली कंपनी Healthium Medtech भी आईपीओ लानें की तैयारी में हैं। इसके अलावा Shriram Properties और शादी के परिधान बनाने वाली कंपनी Vedant Fashions भी इस लाइन में लगे हुए हैं।