कृषि भंडारगृह यानि एग्री वेयरहाउसिंग कंपनी सोहन लाल कमोडिटी मैनेजमेंट (SLCM) अपना आईपीओ ला रही है। इसके लिए कंपनी ने कैपिटल मार्केट रेगुलेटर SEBI के पास अपने IPO के लिए कॉन्फिडेंशियल तरीके से दस्तावेज जमा कर दिए हैं। यह कंपनी एग्री लॉजिस्टिक्स में टेक्नोलॉजी बेस्ड सर्विसेज देती है। कॉन्फिडेंशियल रूट कंपनियों को लिस्टिंग पर अंतिम फैसले पर पहुंचने तक गोपनीयता की सुविधा देता है। अगर जरूरी हो तो वे बाद में बाजार की स्थितियों के आधार पर महत्वपूर्ण जानकारी का खुलासा किए बिना ड्राफ्ट को वापस भी ले सकती हैं।
कॉन्फिडेंशियल प्री-फाइलिंग कंपनियों को सेंसिटिव बिजनेस डिटेल्स या फाइनेंशियल मेट्रिक्स और रिस्क्स को गोपनीय रखने की इजाजत देती है, खासकर कॉम्पिटीटर्स से। दूसरी ओर स्टैंडर्ड DRHP (ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस) फाइलिंग के बाद एक पब्लिक डॉक्युमेंट बन जाता है।
साल 2009 में शुरू हुई SLCM भारत के साथ-साथ म्यांमा में भी कृषि उत्पादों के वैज्ञानिक तरीके से भंडारण, उनकी गुणवत्ता की जांच और भंडारण की रसीदों पर कर्ज या धन उपलब्ध कराने जैसी आधुनिक सेवाएं प्रदान करती है। यह पूरे कृषि इकोसिस्टम को सेवाएं देती है, जिसमें किसान, प्रोसेसर, मिलर, व्यापारी, आयातक, निर्यातक, कमोडिटी एक्सचेंज और केंद्र व राज्य सरकारें शामिल हैं। अब तक कंपनी 1,300 से अधिक कृषि कमोडिटीज को संभाल चुकी है।
कोर4 इंजीनियर्स ने भी जमा किया ड्राफ्ट
इसके अलावा एक और कंपनी कोर4 इंजीनियर्स ने भी IPO का ड्राफ्ट जमा किया है। यह SME सेगमेंट की कंपनी है। IPO में 58.94 लाख नए शेयर जारी होंगे। IPO से हासिल पैसों का इस्तेमाल जमीन और भवन सहित जमीन की खरीद के लिए पूंजीगत खर्च में किया जाएगा। इसके अलावा कंपनी इस राशि का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल की बढ़ती जरूरतों, सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों और IPO से जुड़े खर्चों को पूरा करने में भी करेगी।
कोर4 इंजीनियर्स एक इंजीनियरिंग, खरीद, निर्माण और कमीशनिंग (EPCC) कंपनी है। यह कई क्षेत्रों में इंटीग्रेटेड इंफ्रास्ट्रक्चर सॉल्यूशन देती है। कंपनी मुख्य तौर पर रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर और, इलेक्ट्रिसिटी ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन में काम करती है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।