Solarworld Energy Solution IPO: सोलर एनर्जी सॉल्यूशंस प्रोवाइडर सोलरवर्ल्ड एनर्जी सॉल्यूशंस IPO की मदद से 600 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इसके लिए कंपनी ने कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास ड्राफ्ट पेपर जमा कर दिए हैं। IPO में 550 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। साथ ही प्रमोटर पायनियर फेकर आईटी इंफ्राडेवलपर्स की ओर से 50 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल रहेगा। प्रमोटर्स के पास कंपनी में 82.15 प्रतिशत हिस्सेदारी है और बाकी 17.85 प्रतिशत हिस्सेदारी वैल्यू क्वेस्ट स्केल फंड सहित पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास है।
सोलरवर्ल्ड एनर्जी सॉल्यूशंस सोलर एनर्जी प्रोजेक्ट्स के लिए इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (ईपीसी) सर्विसेज में विशेषज्ञता रखती है। यह कंपनी रजिस्ट्रार के पास रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस दाखिल करने से पहले प्रिफरेंशियल इश्यू या किसी अन्य तरीके से 110 करोड़ रुपये भी जुटा सकती है। अगर कंपनी प्री-IPO प्लेसमेंट में फंड जुटाने में सफल हो जाती है, तो IPO का साइज घट जाएगा।
दो मॉडल्स के जरिए काम करती है कंपनी
सोलरवर्ल्ड अपने दो मॉडल्स, पूंजीगत व्यय (CAPEX) मॉडल और रिन्यूएबल एनर्जी सर्विस कंपनी (RESCO) मॉडल के माध्यम से सोलर एनर्जी सॉल्यूशंस की पेशकश करती है। इन मॉडल्स के तहत, यह संचालन और रखरखाव (O&M) सेवाएं भी प्रदान करती है। अगस्त 2024 के अंत में सोलरवर्ल्ड की ऑर्डर बुक 799.7 करोड़ रुपये की थी। इसके प्रमुख क्लाइंट्स में एसजेवीएन ग्रीन एनर्जी, हल्दीराम स्नैक्स, एथनिक फूड मैन्युफैक्चरिंग और समीक्षा सोलरवर्ल्ड शामिल हैं।
IPO के पैसों का कैसे होगा इस्तेमाल
कंपनी IPO में नए शेयर जारी कर हासिल आय में से 420 करोड़ रुपये का इस्तेमाल मध्य प्रदेश के पांढुरना में 1.2 गीगावाट सौर पीवी टॉपकॉन सेल मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी लगाने के उद्देश्य से आंशिक रूप से फाइनेंसिंग के लिए अपनी सहायक कंपनी कार्तिक सोलरवर्ल्ड में निवेश के लिए करेगी। और बाकी पैसों का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
वित्त वर्ष 2024 में सोलरवर्ल्ड एनर्जी सॉल्यूशंस का शुद्ध मुनाफा 248.4 प्रतिशत बढ़कर 51.7 करोड़ रुपये हो गया। राजस्व पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 115.5 प्रतिशत बढ़कर 501 करोड़ रुपये हो गया।