Sula Vineyards IPO Listing: देश की सबसे बड़ी वाइन कंपनी सुला विनयार्ड्स के शेयरों की कल गुरुवार को लिस्टिंग है। चूंकि देश में पहली बार कोई वाइन कंपनी मार्केट में लिस्ट होने की तैयारी कर रही है तो इसे लेकर उत्सुकता थी। हालांकि 960 करोड़ रुपये के इस इश्यू को निवेशकों ने बहुत चियर्स नहीं किया और आखिरी दिन ही फुल सब्सक्राइब हो सका। दो दिन तक यह महज 59 फीसदी ही सब्सक्राइब हुआ था। ओवरऑल यह इश्यू 2.33 गुना सब्सक्राइब हुआ है। ग्रे मार्केट से भी कमजोर रिस्पांस मिल रहे हैं। ग्रे मार्केट के संकेतों के मुताबिक सुला के शेयर डिस्काउंट पर लिस्ट हो सकते हैं।
डिस्काउंट पर लिस्ट हो सकते हैं Sula के शेयर
इश्यू खुलने से पहले सुला के शेयर 71 रुपये की GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) पर ट्रेड हो रहे थे। हालांकि अब इसकी हालत यह है कि इसके शेयर 11 रुपये के डिस्काउंट पर मिल रहे हैं। इससे संकेत मिल रहे हैं कि सुला की लिस्टिंग 346 रुपये के भाव पर हो सकती है। इसके शेयर 357 रुपये के भाव पर जारी हुए हैं।
Sula Vinyards IPO की डिटेल्स
सुला का आईपीओ 12-14 दिसंबर के बीच खुला था। 960 करोड़ रुपये के इस इश्यू के तहत कोई भी नया शेयर नहीं जारी हुआ है और ऑफर फॉर सेल (OFS) विंडो के तहत शेयरों की बिक्री हुई है। यह इश्यू पहले दिन महज 28 फीसदी और दूसरे दिन 59 फीसदी सब्सक्राइब हुआ। आखिरी दिन जाकर ही यह पूरा सब्सक्राइब हुआ और इसे 2.33 गुना बोलिया मिलीं।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
सुला विनयार्ड्स नासिक की कंपनी है। इसका कारोबार मुख्य रूप से दो कैटेगरी में बांटा जा सकता है- वाइन बिजनेस और वाइन टूरिज्म बिजनेस। वाइन बिजनेस के तहत यह वाइन बनाती है, वाइन और स्पिरिट आयात करती है और इनकी बिक्री करती है। वाइन टूरिज्म के तहत यह विनयार्ड्स रिजॉर्ट्स और टेस्टिंग रूम्स ऑपरेट करती है। इसके महाराष्ट्र और कर्नाटक में चार खुद के और दो लीज पर लिए हुए प्रोडक्शन फैसिलिटीज हैं जहां यह 56 लेबल की वाइन बनाती है।
सितंबर 2022 तक उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक सुला ने किसानों से करीब 2290 एकड़ से अंगूरों की सप्लाई के लिए 12 साल तक सप्लाई के लिए सौदा किया है। 31 मार्च 2022 तक उपलब्ध आंकड़ों की बात करें तो इसके देश भर में 13500 रिटेल टचप्वाइंट्स और 9 हजार से अधिक होटल, रेस्टोरेंट्स और कैटरर्स मिलाकर 23 हजार से अधिक प्वाइंट्स ऑफ सेल हैं। कंपनी के वाइन सेग्मेंट का 50 फीसदी रेवेन्यू महाराष्ट्र और कर्नाटक से आता है।