कोरोना महामारी का खतरा एक बार फिर बढ़ रहा है। इसके चलते मार्केट में दबाव दिख रहा है। हालांकि हेल्थ सेक्टर के स्टॉक्स में बूम है। सेंसेक्स (Sensex) आज एक फीसदी से अधिक कमजोर हुआ है। वहीं दूसरी तरफ हेल्थकेयर सर्विसेज सेग्मेंट में थायरोकेयर टेक के शेयर आज 14.85 फीसदी के उछाल के साथ 700.10 रुपये के भाव (Thyrocare Tech Share Price) पर बंद हुए हैं। विजया डायग्नोस्टिक सेंटर आज 21 दिसंबर को 11.74 फीसदी की तेजी के साथ 476.25 रुपये (Vijaya Diagnostic Centre Share Price), मेट्रोपोलिस हेल्थकेयर 6.94 फीसदी की उछाल के साथ 1370.65 रुपये (Metropolis Healthcare Share Price) और डॉ लाल पैथलैब्स (Dr Lal PathLabs Share Price) 6.23 फीसदी मजबूत होकर 2430.20 रुपये पर बंद हुआ है। बता दें कि जापान, दक्षिण कोरिया, ब्राजील, चीन और अमेरिका में कोरोना महामारी का खतरा बढ़ रहा है।
कोरोना महामारी का शेयरों पर क्या असर
आईओएल केमिकल्स एंड फार्मा, सुप्रिया लाइफसाइंस, विमतालैब्स, डिविसलैब्स और ग्लेनमार्क जैसे स्टॉक्स भी 4-14 फीसदी मजबूत हुए हैं। सेंसेक्स आज 1.03 फीसदी के गिरावट के साथ 61067.24 पर बंद हुआ है। खास बात ये भी है कि पिछले एक वर्ष में जो हेल्थकेयर स्टॉक आज मजबूत हुए हैं, उनमें से अधिकतर का रिटर्न पिछले एक साल में निगेटिव रहा है जबकि इस दौरान सेंसेक्स 7 फीसदी से अधिक मजबूत हुआ है। कोरोना महामारी के दौरान आरटी-पीसीआर टेस्टिंग और कोविड से जुड़े टेस्ट से कंपनी का रेवेन्यू बढ़ता है। इसका असर शेयरों पर भी दिखता है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ये है तैयारी
दुनिया के कई देशों में एक बार फिर कोरोना के केसेज बढ़ रहे हैं। इसके चलते केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया कोराना महामारी के स्थिति की समीक्षा करेंगे। मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कोरोना के नए वैरिएंट्स की ट्रैकिंग के लिए पॉजिटिव सैंपल की पूरी जीनोम सीक्वेंसिंग बढ़ाने को कहा है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को लिखे पत्र में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि इससे नए वैरिएंट्स का समय पर ही पता चल जाएगा और उसी के हिसाब से जरूरी कदम उठाए जा सकेंगे।