Suraj Estate IPO: एंकर निवेशकों ने खरीदे ₹120 करोड़ के शेयर, 18 दिसंबर को खुल रहा IPO, जानें अहम बातें

Suraj Estate Developers IPO: रियल एस्टेट सेक्टर की कंपनी 'सूरज एस्टेट्स डेवलपर्स' का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) आगामी 18 दिसंबर को खुलेगा। यह आईपीओ कुल 400 करोड़ रुपये का है और इसके जरिए कंपनी अपने 1.11 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखेगी। अगर आप भी इस रियल एस्टेट कंपनी के आईपीओ में निवेश करने की सोच रहे हैं, तो आपको इससे जुड़ी 10 अहम बातों को जरूर जान लेना चाहिए

अपडेटेड Dec 15, 2023 पर 11:27 PM
Suraj Estate Developers के IPO का कुल साइज 400 करोड़ रुपये है

Suraj Estate Developers IPO: मुंबई मुख्यालय वाली रियल एस्टेट कंपनी 'सूरज एस्टेट्स डेवलपर्स' का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) आगामी 18 दिसंबर को खुलने वाला है। हालांकि एंकर निवेशकों से इससे पहले ही कंपनी के करीब 120 करोड़ के शेयर खरीद लिए हैं। एंकर निवेशकों के लिए कंपनी ने आईपीओ से पहले 15 दिसंबर को एक दिन के लिए ऑफर खोला था। कंपनी ने बताया कि उसने एंकर निवेशकों को कुल 33,33,333 शेयर आवंटित किए हैं। प्रत्येक शेयर को 360 रुपये के भाव पर जारी किया गया है, जो इसके प्राइस बैंड का ऊपरी भाव है।

कुल 10 संस्थागत निवेशकों ने बतौर एंकर निवेशक इसके IPO में भाग लिया। इसमें SBI जनरल इंश्योरेंस कंपनी, टाटा हाउसिंग अपॉर्चुनिटीज फंड, आदित्य बिड़ला सन लाइफ AMC, LC फ्रास मल्टी-स्ट्रैटेजी फंड VCC, ITI फ्लेक्सी कैप फंड और मेरु इन्वेस्टमेंट फंड पीसीसी-सेल 1 शामिल हैं।

इसके अलावा BNP पारिबा फाइनेंशियल मार्केट्स, सोसाइटी जेनरल-ODI, क्वांटम-स्टेट इन्वेस्टमेंट फंड और IEGFL-मल्टी अपॉर्चुनिटी ने भी एंकर बुक में भाग लिया। सूरज एस्टेट ने बताया, "एंकर बुक में 2 घरेलू म्यूचुअल फंडों ने भी भाग लिए। उन्होंने अपनी 2 स्कीमों के जरिए कुल 5,55,632 इक्विटी शेयर खरीदे।"


यह भी पढ़ें- इन 5 शेयरों में पैसा लगा बर्बाद हो गए हजारों निवेशक, कहीं आपने तो नहीं किया निवेश?

कंपनी अपने आईपीओ से कुल 400 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। सूरज एस्टेट डेवलपर्स के आईपीओ का कुल साइज 400 करोड़ रुपये है। यह सभी रकम नए शेयरों का जारी कर जुटाई जाएगी। यानी इससे मिलने वाला सारा पैसा कंपनी के खाते में जाएगा। आईपीओ में ऑफर-फॉर-सेल शामिल नहीं है।

कंपनी ने बताया कि वह IPO से जुटाई राशि में से 285 करोड़ रुपये का इस्तेमाल लोन को चुकाने में करेगी। वहीं 35 करोड़ रुपये का इस्तेमाल मुंबई महानगर क्षेत्र में जमीन अधिग्रहण के लिए किया जाएगा। बाकी पैसों का इस्तेमाल दूसरे सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

IPO में कंपनी के 1.11 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखा जाएगा। सूरज एस्टेट्स डेवलपर्स का आईपीओ 18 दिसंबर को बोली के लिए खुलेगा और 20 दिसंबर को बंद होगा। कंपना ने प्रति शेयर 340 से 360 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।