स्पेशलाइज्ड पाइप बनाने वाली कंपनी स्वास्तिक पाइप्स लिमिटेड (Swastik Pipes Ltd) ने मंगलवार को बताया कि उसे अपनी इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) के लिए एनएसई इमर्ज (NSE Emerge) से मंजूरी मिल गई है। कंपनी ने हाल ही IPO लाने के लिए NSE इमर्ज के पास ड्राफ्ट पेपर जमा कराए थे।
कंपनी की योजना IPO के जरिए 62.51 लाख शेयर जारी करने की है। स्वास्तिक पाइप्स ने एक बयान में कहा, "इश्यू साइज 62.51 लाख शेयरों का होगा और प्रत्येक शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये होगी। शेयरों का बुक-बिल्डिंग प्रक्रिया के जरिए जारी किया जाएगा।"
IPO का करीब 40 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए, 20 फीसदी हिस्सा हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल्स (HNI) के लिए और 35 फीसदी हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए आरक्षित होगा। कंपनी ने इश्यू के लिए कॉरपोरेट कैपिटल वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड को लीड मैनेजर नियुक्त किया है। वहीं स्काईलाइन फाइनेंशियल सर्विस प्राइवेट लिमिटेड को इश्यू का रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है।
स्वास्तिक पाइप्स के प्रमोटर संदीप बंसल, अनुपमा बंसल, शाश्वत बंसल और गीता देवी अग्रवाल हैं। कंपनी 1973 से उच्च गुणवत्ता वाले TT स्वास्तिक बैंड माइल्ड स्टील/कार्बन स्टील, ERW ब्लैक और गैल्वनाइज्ड पाइप्स/ट्यूब की एक प्रमुख निर्माता और निर्यातक है।
स्वास्तिक पाइप्स ने एक बयान में बताया, “कंपनी के हरियाणा और उत्तर प्रदेश में दो अति-आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं जिनकी उत्पादन क्षमता 20,000 मीट्रिक टन प्रति माह की है। पिछले कुछ सालों में, कंपनी ने सोलर मॉड्यूल माउंटिंग स्ट्रक्चर, स्टील ट्यूबलर पोल, रूरल इलेक्ट्रिफिकेशन के GI स्ट्रक्चर आदि के उत्पादन में विविधता लाई है।"
NSE EMERGE देश की SMEs (स्मॉल और मीडियम एंटरप्राइजेज) और स्टार्टअप कंपनियों के लिए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) की नई पहल है। ये कंपनियां बिना इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) के एनएसई पर लिस्ट हो सकती हैं। यह प्लेटफॉर्म SME और स्टार्टअप्स को फंडिंग के लिए निवेशकों से जुड़ने में मदद करता है।