Tata Tech IPO Listing: करीब 19 साल बाद टाटा की कंपनी घरेलू स्टॉक मार्केट में एंट्री करने जा रही है। टाटा टेक के 3,042.51 करोड़ रुपये के आईपीओ को ऑफर फॉर सेल (OFS) इश्यू होने के बावजूद निवेशकों का धांसू रिस्पांस मिला था। अब अगर ग्रे मार्केट में बात करें तो इसके शेयर और मजबूत हुए हैं। टाटा टेक के शेयरों का अलॉटमेंट 28 नवंबर को फाइनल हो चुका है। आईपीओ निवेशकों को यह 500 रुपये के भाव पर जारी हुआ है। अब BSE और NSE पर इसकी 30 नवंबर को एंट्री होने वाली है। यह 2024 में टीसीएस की लिस्टिंग के बाद से टाटा ग्रुप की अगली लिस्टिंग होगी।
Tata Tech की ग्रे मार्केट में कैसी है स्थिति
यह इश्यू सब्सक्रिप्शन के लिए 22 नवंबर को खुला था और ग्रे मार्केट में उस दिन इसके शेयर आईपीओ के अपर प्राइस बैंड 500 रुपये से 395 रुपये की GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) पर थे और उसके एक दिन पहले यह 355 रुपये पर था। अब यह 425 रुपये यानी 85 फीसदी की GMP पर है यानी कि टाटा टेक के आईपीओ निवेशकों को 85 फीसदी का लिस्टिंग गेन मिल सकता है। हालांकि मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक ग्रे मार्केट से मिले संकेतों से लिस्टिंग को लेकर कुछ नहीं कहा जा सकता है। शेयरों का सफर किस लेवल से शुरू होगा, यह लिस्टिंग के दिन मार्केट सेंटिमेंट और कंपनी के फंडामेंटल्स और फाइनेंशियल्स के आधार पर तय होता है।
Tata Tech IPO को मिली रिकॉर्ड बोली
टाटा टेक का ₹3,042.51 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 22-24 नवंबर के बीच खुला था। इसे 73.58 लाख आवेदन मिले जो अब तक का रिकॉर्ड है। पहले यह रिकॉर्ड एलआईसी के नाम था जिसके आईपीओ को पिछले साल मई 2022 में 73.38 लाख एप्लीकेशन मिले थे। अब टाटा टेक के आईपीओ के कैटेगरीवाइज सब्सक्रिप्शन की बात करें तो ओवरऑल यह आईपीओ 69.43 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
इसमें क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा 203.41 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 62.11 गुना, खुदरा निवेशकों का हिस्सा 16.50 गुना, एंप्लॉयीज का हिस्सा 3.70 गुना और टाटा मोटर्स के शेयरहोल्डर्स का हिस्सा 29.20 गुना भरा था। यह इश्यू पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल का था तो कोई कंपनी को इसका पैसा नहीं मिलेगा।