Tata Technologies IPO: टाटा टेक्नोलॉजीज के इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बुधवार 24 नवंबर को यह IPO रिकॉर्ड 69.43 गुना अधिक सब्सक्रिप्शन के साथ बंद हुआ। नुवामा वेल्थ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, टाटा टेक्नोलॉजीज आईपीओ के लिए कुल 73.5 लाख लोगों ने आवेदन किया। इसके साथ ही इसने भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के रिकॉर्ड को तोड़ दिया, जिसके IPO को लगभग 73.38 लाख आवेदन मिले थे। यह टाटा समूह की किसी कंपनी का अब तक का सबसे अच्छा IPO प्रदर्शन भी है। टाटा ग्रुप का अबतक का सबसे सफल IPO, टाटा कंसल्टिंग सर्विसेज (TCS) का था, जो इसने 19 साल पहले 2004 में लॉन्च किया था।
TCS के IPO को जुलाई 2004 में 775-900 रुपये प्रति शेयर के प्राइस बैंड के साथ लॉन्च किया गया था। टीसीएस के शेयर 25 अगस्त 2004 को 26.6% प्रीमियम के साथ 1,076 रुपये प्रति शेयर के भाव पर सूचीबद्ध हुए थे।
टाटा टेक्नोलॉजीज ने अपने IPO के जरिए 4,50,29,207 शेयरों को बिक्री के लिए रखा था, जिसके बदले में उसे 2,83,19,60,790 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिली हैं। इस IPO के लिए सबसे अधिक बोली क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) ने रखा, जिन्होंने अपने लिए आरक्षित शेयरों का करीब 203.41 गुना सब्सक्राइब किया। QIB कैटेगरी में कंपनी को 1,05,47,382 शेयरों के बदले में 2,13,83,89,020 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
वहीं नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) कैटेगरी में कंपनी को 62.11 गुना अधिक सब्सक्रिप्शन मिला। इस कैटेगरी में टाटा टेक को 79,10,537 शेयरों के मुकाबले 49,02,17,160 शेयरों के लिए बोली मिली है। वहीं शेयरधारकों, रिटेल इनवेस्टर्स और एंप्लॉयी कैटेगरी में कंपनी को क्रमश: 29.19 गुना, 16.50 गुना और 3.70 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।
कुल मिलाकर, Tata Technologies IPO में 60,850,278 इक्विटी शेयर हैं। इनमें से 18,457,919 शेयर रिटेल निवेशकों को, 10,547,382 शेयर क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) को और 7,910,537 शेयर नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) को आवंटित किए जाएंगे। इसमें भी QIB कोटे में से 15,821,071 शेयर पहले ही एंकर निवेशकों को आवंटित किए जा चुके हैं।
निवेशकों की इस होड़ के बीच, अनरेगुलेटेड ग्रे मार्केट में टाटा टेक्नोलॉजी के शेयर इस समय अपने IPO प्राइस से करीब 80% प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं।
टाटा टेक का IPO लंबे इंतजार के बाद इस हफ्ते 22 नवंबर को खुला था। बोली खुलने के करीब एक घंटे के अंदर ही यह IPO पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया था। आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 475-500 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है और यह पूरी तरह से मौजूदा शेयरधारकों द्वारा ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) है। कंपनी के शेयर 5 दिसंबर 2023 को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होने की उम्मीद है।