करीब 19 साल बाद आए टाटा ग्रुप (Tata Group) की कंपनी के आईपीओ को निवेशकों ने हाथोंहाथ लिया है। Tata Technologies का आईपीओ 22 नवंबर को खुलने के कुछ ही घंटों में कई गुना सब्सक्राइब हो गया। 21 नवंबर को इस इश्यू में एंकर निवेशकों ने भी अच्छी दिलचस्पी दिखाई थी। 67 इनवेस्टर्स ने कुल 791 करोड़ रुपये निवेश किए थे। टाटा टेक्नोलॉजी की शुरुआत 1994 में हुई थी। यह कंपनी प्रोडक्ट डेवलपमेंट और डिजिटल सॉल्यूशंस ऑफर करती है। कई ग्लोबल ऑरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (OEMs) और उनके टियर-1 सप्लायर्स इसके क्लाइंट्स हैं। इस आईपीओ को लेकर मनीकंट्रोल ने म्यूचुअल फंड हाउसेज से बातचीत की। ज्यादातर इस इश्यू को लेकर उत्साहित हैं। उन्हें टाटा टेक्नोलॉजी के शेयरों के मध्यम से लंबी अवधि में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। यह इश्यू 24 नवंबर को बंद हो जाएगा।
