टाटा टेक्नोलोजिज (Tata Technologies) ने अपने IPO के तहत ऑफर प्राइस को 500 रुपये प्रति शेयर पर फाइनल किया है। यह फाइनल प्राइस, एंकर इनवेस्टर ऑफर प्राइस पर भी लागू है। टाटा मोटर्स ने शेयर बाजार को दी गई सूचना में बताया है, 'टाटा टेक्नोलोजिज लिमिटेड ने IPO के तहत बुक रनिंग लीड मैनेजर्स के परामर्श से ऑफर प्राइस को 500 रुपये प्रति शेयर पर अंतिम रूप दिया है। 2 रुपये फेस वैल्यू वाले शेयर के लिए यह प्राइस, एंकर निवेशकों सहित सभी के लिए लागू होगा।' टाटा टेक के IPO को आखिरी दिन 24 नवंबर को 69.43 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था।
क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए रिजर्व हिस्सा 203.41 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) के लिए रिजर्व हिस्सा 62.11 गुना और रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 16.50 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं एंप्लॉयीज के लिए रिजर्व हिस्सा 3.70 गुना सब्सक्राइब हुआ है।
19 साल बाद टाटा समूह की किसी कंपनी का IPO आया है। इससे पहले वर्ष 2004 में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का IPO आया था। टाटा टेक का IPO 22 नवंबर से खुला था और प्राइस बैंड 475-500 रुपये प्रति शेयर रखा गया था। NSE के आंकड़ों के मुताबिक 3,042.5 करोड़ रुपये के इस IPO में 4,50,29,207 शेयरों की पेशकश की गई थी और कुल 3,12,64,91,040 शेयरों के लिए बोलियां लगाई गईं। ग्रे मार्केट में टाटा टेक के शेयर का भाव और चढ़ चुका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस वक्त कंपनी का शेयर ग्रे मार्केट में IPO के अपर प्राइस बैंड से 82% प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है।
IPO क्लोज होने के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 30 नवंबर को फाइनल होगा और BSE, NSE पर कंपनी की एंट्री 5 दिसंबर को होगी। इस इश्यू के तहत ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिए मौजूदा शेयरहोल्डर्स ने 6,08,50,278 इक्विटी शेयरों को बिक्री के लिए रखा। Tata Tech ने IPO के लिए ड्राफ्ट पेपर्स मार्च 2023 में सबमिट किए थे और 27 जून को मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) की मंजूरी मिल गई।
टाटा टेक्नोलोजिज, टाटा मोटर्स (Tata Motors) की सब्सिडियरी है। Tata Tech एक ग्लोबल इंजीनियरिंग सर्विसेज कंपनी है। यह ग्लोबल ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स को टर्नकी सॉल्युशंस समेत प्रोडक्ट डेवलपमेंट और डिजिटल सॉल्युशंस की पेशकश करती है। कंपनी एयरोस्पेस, ट्रांसपोर्टेशन और हैवी मशीनरी जैसे उद्योगों में क्लाइंट्स को सर्विस देती है। कंपनी की शुरुआत 1989 में हुई थी।