Tata Technologies IPO: टाटा टेक्नोलॉजीज के इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) को सेबी से मंजूरी मिले करीब एक महीने से अधिक समय हो गया है। मीडिया रिपोर्टों की मानें तो, इस महीने के अंत या अक्टूबर की शुरुआत में टाटा टेक्नोलॉजीज अपने IPO की तारीखों का ऐलान कर सकती है। आईपीओ लाने वाली कंपनियों को इश्यू खुलने के कम से कम 5 कारोबारी दिन पहले प्राइस बैंड का ऐलान करना होता है। यह 19 सालों में पहली बार है, जब टाटा ग्रुप अपनी किसी कंपनी का आईपीओ लाने जा रही है।
इस बीच ग्रे मार्केट भी टाटा टेक्नोलॉजीज के शेयरों को लेकर स्थिर बना है। बाजार जानकारों के मुताबिक, टाटा टेक्नोलॉजीज के शेयर करीब 370 रुपये के भाव पर ग्रे मार्केट में कारोबार कर रहे हैं।
कितनी हो सकती है एक शेयर की कीमत?
ड्राफ्ट पेपर के मुताबिक, टाटा टेक्नोलॉजीज का आईपीओ पूरी तरह ऑफर-फॉर-सेल होगा। इसके तहत कंपनी के मौजूदा शेयरधारक करीब 9.57 करोड़ इक्विटी शेयरों को बेचेंगे, जो कंपनी की कुल हिस्सेदारी का करीब 23.60 फीसदी होगा। OFS के तहत, मूल कंपनी टाटा मोटर्स कंपनी में 8.11 करोड़ शेयर या 20 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचेगी।
फिलहाल टाटा टेक में टाटा मोटर्स की 74.69 फीसदी, अल्फा टीसी की होल्डिंग्स की 7.26 फीसदी और टाटा कैपिटल ग्रोथ फंड 1 की 3.63 फीसदी हिस्सेदारी है। टाटा मोटर्स को इसके शेयर 7.40 रुपये के औसत भाव, अल्फा टीसी होल्डिंग्स को 25.10 रुपये और टाटा कैपिटल ग्रोथ फंड 1 को 25.10 रुपये के औसत भाव पर इसके शेयर मिले थे।