टाटा टेक्नोलोजिज (Tata Technologies) का आईपीओ 21 नवंबर के आसपास खुलने की उम्मीद है। इतना ही नहीं कंपनी 2.5 अरब डॉलर की वैल्यूएशन पर अपने आईपीओ में निवेश करने के लिए मॉर्गन स्टेनली इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट, ब्लैकरॉक और कुछ अमेरिकी हेज फंड्स के साथ बातचीत कर रही है। यह बात रॉयटर्स की एक रिपोर्ट से सामने आई है। टाटा टेक्नोलोजिज, ऑटो और एयरोस्पेस सहित विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों को इंजीनियरिंग सर्विसेज प्रदान करती है। इसका आईपीओ 35-37.5 करोड़ डॉलर का रह सकता है। टाटा ग्रुप की कोई कंपनी दो दशकों में पहली बार आईपीओ ला रही है। कहा जा रहा है कि ब्लैकरॉक और मॉर्गन स्टेनली के अलावा, टाटा टेक अपने आईपीओ में निवेश के लिए अमेरिकी एसेट मैनेजर्स घिसालो कैपिटल, ओकट्री कैपिटल और की स्क्वैयर कैपिटल के भी संपर्क में है।
माना जाता है कि इन फंड्स की दिलचस्पी टाटा की एंकर बुक में है, जहां हाई-प्रोफाइल संस्थागत निवेशकों को रिटेल और अन्य निवेशकों के लिए सब्सक्रिप्शन खुलने से पहले शेयर अलॉट किए जाते हैं। बातचीत में अनुमान लगाया जा रहा है कि टाटा टेक्नोलोजिज की वैल्यूएशन अब 2.5 अरब डॉलर है, जो पिछले महीने की तुलना में लगभग 25 प्रतिशत अधिक है, जब टीपीजी ने कंपनी में प्री-आईपीओ फंडरेजिंग में 9.9 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी।
मार्च 2023 में सबमिट किए थे ड्राफ्ट पेपर्स
निवेशक और मार्केट एक्सपर्ट्स को इस आईपीओ का बेसब्री से इंतजार है। कंपनी नवंबर के अंत तक अपनी ट्रेडिंग की शुरुआत करने की योजना बना रही है। टाटा टेक्नोलोजिज, टाटा मोटर्स (Tata Motors) की सब्सिडियरी है। कंपनी ने IPO के लिए ड्राफ्ट पेपर्स मार्च 2023 में सबमिट किए थे और 27 जून को मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) की मंजूरी मिल गई।
कैसी है कंपनी की वित्तीय सेहत
Tata Technologies के पब्लिक इश्यू का जिस तरह से इंतजार हो रहा है, लगता है कि निवेशक इसमें जमकर पैसा लगाएंगे। हालांकि यह केवल एक अनुमान है। कंपनी में लोगों का कितना भरोसा है, यह इश्यू आने के बाद ही पता लगेगा। जहां तक Tata Technologies की वित्तीय सेहत की बात है तो इसकी रेवेन्यु ग्रोथ और प्रॉफिट ग्रोथ FY22 की तुलना में FY23 में धीमी हो गई। अच्छी बात यह है कि कंपनी पर कोई कर्ज नहीं है। FY23 के लिए रेवेन्यु 25% बढ़कर 4,418 करोड़ रुपये हो गया, जबकि टैक्स निकालने के बाद प्रॉफिट 63% बढ़कर 708 करोड़ रुपये हो गया। FY21-23 के दौरान कंपनी के रेवेन्यु की कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) 30%, EBITDA CAGR 46% और पीएटी CAGR 61.5% रही।
IPO में रिजर्व हिस्से की डिटेल
Tata Technologies IPO में एक हिस्सा कंपनी के कर्मचारियों और टाटा मोटर्स लिमिटेड के शेयरधारकों के लिए रिजर्व रखा गया है। टाटा टेक्नोलोजिज के कर्मचारियों के लिए रिजर्व हिस्सा, कंपनी की पोस्ट-ऑफर पेड-अप इक्विटी शेयर कैपिटल का 0.5 प्रतिशत तक होगा। वहीं टाटा मोटर्स लिमिटेड के शेयरधारकों के लिए रिजर्व हिस्सा ऑफर के 10 प्रतिशत तक होगा। कर्मचारियों के लिए रिजर्व हिस्से और टाटा मोटर्स शेयरधारकों के लिए रिजर्व हिस्से को निकालने के बाद बची ऑफरिंग को नेट ऑफर कहा जाएगा। कंपनी ने IPO प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने के लिए जेएम फाइनेंशियल, सिटी और बोफा सिक्योरिटीज को बुक रनिंग लीड मैनेजर नियुक्त किया गया है। इश्यू के लिए रजिस्ट्रार लिंक इनटाइम है।