वरमोरा ग्रैनिटो ने IPO के जरिए ₹708.02 करोड़ जुटाने की तैयारी की है। यह पब्लिक इश्यू 22 सितंबर को खुल रहा है और 24 सितंबर को बंद होगा। इसमें ₹320 करोड़ के 2.16 करोड़ नए शेयर जारी होंगे। साथ ही मौजूदा शेयरहोल्डर्स की ओर से ₹388.02 करोड़ के 2.62 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल रहेगा। प्राइस बैंड ₹140-₹148 प्रति शेयर और लॉट साइज 101 शेयर है।
वरमोरा ग्रैनिटो का IPO बंद होने के बाद अलॉटमेंट 25 सितंबर को फाइनल होने की उम्मीद है। कंपनी के शेयर NSE और BSE पर 29 सितंबर को लिस्ट होने वाले हैं। IPO के लिए JM फाइनेंशियल लिमिटेड, गोल्डमैन सैक्स (इंडिया) सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड और SBI कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड, बुक रनिंग लीड मैनेजर है। रजिस्ट्रार Kfin Technologies Ltd. है।
क्या करती है Varmora Granito
वरमोरा ग्रैनिटो लिमिटेड, सिरेमिक और विट्रिफाइड टाइल्स (जैसे ग्लेज्ड विट्रिफाइड टाइल्स- GVT, पॉलिश्ड विट्रिफाइड टाइल्स- PVT और सिरेमिक टाइल्स) बनाती और बेचती है। कंपनी का फोकस प्रीमियम और टेक्नोलॉजी बेस्ड प्रोडक्ट्स पर है। वित्त वर्ष 2026 में इसके टाइल्स से कुल रेवेन्यू में GVT और टेक्निकल टाइल्स का हिस्सा लगभग 84% था। कंपनी के प्रमोटर भावेश वल्लभदास वरमोरा, हीरेन आर वरमोरा, और प्रमोदकुमार परसोतमभाई पटेल हैं।
कंपनी ने इटली की SACMI के साथ टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप के जरिए इंटीग्रेटेड स्टोन टेक्नोलॉजी (IST) को भी अपनाया है, जिससे इसे इनोवेटिव और प्रीमियम टाइल प्रोडक्ट्स बनाने में मदद मिलती है। वरमोरा भारत के साथ-साथ विदेश में भी ऑपरेशनल है। कंपनी बिल्डर्स, कॉन्ट्रैक्टर्स, डेवलपर्स और सरकारी संस्थाओं को भी B2B सेल्स करती है।
IPO के पैसे कैसे होंगे इस्तेमाल
कंपनी अपने IPO में नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाले पैसों का इस्तेमाल अपना और सब्सिडियरीज का कर्ज चुकाने के लिए और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी। पब्लिक इश्यू में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व है।
वरमोरा ग्रैनिटो का वित्त वर्ष 2025-26 में रेवेन्यू 5 प्रतिशत बढ़कर 1,562.53 करोड़ रुपये रहा। शुद्ध मुनाफा 79 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 55 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इस दौरान कंपनी पर 357.95 करोड़ रुपये की उधारी थी। एक साल पहले रेवेन्यू 1,492.68 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 30.77 करोड़ रुपये रहा।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।