Vasuki Global Industries IPO: प्रोक्योरमेंट और प्रोसेसिंग कंपनी वासुकी ग्लोबल इंडस्ट्रीज अपना आईपीओ लाना चाहती है। इसके लिए कंपनी ने मार्केट रेगुलेटर SEBI (Securities and Exchange Board of India) को ड्राफ्ट पेपर जमा कर दिया है। 28 मार्च को फाइल डॉक्युमेंट्स के अनुसार, आईपीओ में कंपनी की ओर से 1.4 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। ऑफर फॉर सेल (OFS) नहीं होगा। वर्तमान में कंपनी के प्रमोटर मेहता परिवार के पास वासुकी ग्लोबल इंडस्ट्रीज की 86.67 प्रतिशत हिस्सेदारी है। बाकी 13.33 प्रतिशत शेयर पब्लिक के पास हैं।
गुजरात स्थित वासुकी ग्लोबल इंडस्ट्रीज आयातित कोयले के साथ-साथ घरेलू कोयले की खरीद और लॉजिस्टिक्स सर्विसेज देती है। कंपनी का इरादा IPO में नए शेयरों को जारी करके हुई कमाई में से 18.8 करोड़ रुपये का इस्तेमाल गुड्स ट्रांसपोर्टेशन व्हीकल्स खरीदने और 66.3 करोड़ रुपये का इस्तेमाल सहायक कंपनी वासुकी सीमेंट द्वारा सीमेंट मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी लगाने के लिए करने का है। बाकी पैसों का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। यूनिस्टोन कैपिटल इस इश्यू के लिए एकमात्र बुक रनिंग लीड मैनेजर है।
वासुकी ग्लोबल इन प्रोडक्ट्स के लिए भी देती है प्रोक्योरमेंट सॉल्यूशंस
वासुकी ग्लोबल अन्य पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स जैसे कि तेल और लिक्विड पेट्रोलियम गैस, रिफ्रैक्ट्री मैटेरियल्स, कच्चे माल और सीमेंट और कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल और फिनिश्ड प्रोडक्ट्स के मामले में खरीद समाधान की पेशकश करती है। कुल मिलाकर, कंपनी मेटल और मिनरल्स, सीमेंट, स्टील और कंस्ट्रक्शन जैसे कई उद्योगों को सेवाएं प्रदान करती है।
Vasuki Global Industries की वित्तीय स्थिति
वित्त वर्ष 2023 में Vasuki Global Industries के प्रोक्योरमेंट सॉल्यूशंस बिजनेस ने कंपनी के रेवेन्यू में लगभग 92 प्रतिशत का योगदान दिया और शेष 8 प्रतिशत का योगदान लॉजिस्टिक्स सर्विसेज का रहा। कंपनी का वित्त वर्ष 2023 में स्टैंडअलोन मुनाफा सालाना आधार पर 8 प्रतिशत की गिरावट के साथ 13.5 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इस दौरान रेवेन्यू पिछले वर्ष की तुलना में 19.4 प्रतिशत गिरकर 732.2 करोड़ रुपये रहा।