IPOs: आईपीओ मार्केट में फिर से रौनक देखने को मिल रही है। आज 11 दिसंबर को एक साथ तीन-तीन बड़ी कंपनियों के आईपीओ खुले हैं। इनमें विशाल मेगा मार्ट, साई लाइफसाइंसेज और मोबीक्विक के आईपीओ शामिल है। अगर साइज के लिहाज से देखें तो, इसमें सबसे बड़ा आईपीओ विशाल मेगा मार्ट का करीब 8,000 करोड़ रुपये है। इन तीनों आईपीओ के लिए बोली लगाने की आखिरी तारीख शुक्रवार 13 दिसंबर है। क्या आप को इन आईपीओ में निवेश करना चाहिए? ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) से क्या संकेत मिल रहे हैं, आइए जानते हैं-
1. विशाल मेगा मार्ट आईपीओ (Vishal Mega Mart IPO)
विशाल मेगा मार्ट का 8,000 करोड़ रुपये का आईपीओ आज 11 दिसंबर से बोली के लिए खुल गया है। यह इस साल के सबसे बड़े आईपीओ में से एक है। आईपीओ में बोली लगाने की आखिरी तारीख 13 दिसंबर है। इसके शेयरों का आवंटन 16 दिसंबर को होने की संभावना है। वहीं इसकी लिस्टिंग BSE और NSE दोनों पर 18 दिसंबर को होगी।
विशाल मेगा मार्ट के आईपीओ का प्राइस बैंड 74 से 78 रुपये का है। इसके लिए लॉट साइज 190 शेयरों का है। रिटेल निवेशकों को बोली लगाने के लिए न्यूनतम 14,820 रुपये का निवेश करना होगा। कंपनी ने आईपीओ खुलने से एक दिन पहले 10 दिसंबर को एंकर निवेशकों से 2,400 करोड़ जुटा लिए थे।
ग्रे मार्केट में फिलहाल, विशाल मेगा मार्ट के शेयर 19 रुपये या करीब 24.36 फीसदी के प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं। इसका मतलब है कि ग्रे मार्केट को फिलहाल इस शेयर के करीब 24.36 फीसदी के प्रीमियम पर लिस्ट होने की उम्मीद कर रहा है।
2. साई लाइफ साइंसेज आईपीओ (Sai Life Sciences IPO)
साई लाइफसाइंसेज का 3,042.62 करोड़ रुपये का आईपीओ आज से बोली के लिए खुल गया है। 11 से 13 दिसंबर तक यह इश्यू खुला रहेगा। इसमें 950 करोड़ रुपये के फ्रेश इश्यू जारी किए गए हैं। वहीं बाकी 2,092.62 करोड़ रुपये का ऑफर-फॉर-सेल है। कंपनी के शेयरों का प्राइस बैंड 522 से 549 रुपये रखा गया है और इसका लॉट साइज 27 शेयरों का है। यानी रिटेल निवेशकों को इसमें न्यूनतम 14,823 रुपये का निवेश करना होगा।
ग्रे मार्केट में फिलहाल, साई लाइफ साइंसेज के शेयर 37 रुपये या करीब 6.74 फीसदी के प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं। इसका मतलब है कि ग्रे मार्केट को फिलहाल इस शेयर के करीब 6.74 फीसदी के प्रीमियम पर लिस्ट होने की उम्मीद कर रहा है।
3. वन मोबीक्विक सिस्टम्स (One Mobikwik Systems)
मोबीक्विक का 572 करोड़ रुपये का आईपीओ आज से बोली के लिए खुल गया है। 13 दिसंबर तक इसमें पैसे लगाए जा सकते हैं। यह पूरा आईपीओ फ्रेश शेयरों का है। यानी आईपीओ से मिलने वाली सारी रकम कंपनी के खाते में जाएगी। इसका प्राइस बैंड 265 से 279 रुपये तय हुआ है। इसका लॉट साइज 53 शेयरों का है और रिटले निवेशकों को इसमें बोली लगाने के लिए न्यूनतम 14,787 करोड़ रुपये का निवेश करना होगा।
ग्रे मार्केट में फिलहाल, मोबीक्विक के शेयर 136 रुपये या करीब 48.75 फीसदी के प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं। इसका मतलब है कि ग्रे मार्केट को फिलहाल इस शेयर के करीब 48.75 फीसदी के प्रीमियम पर लिस्ट होने की उम्मीद कर रहा है। यहां ये बताना जरूरी है कि ग्रे मार्केट, एक अनऑफिशियल प्लेटफॉर्म है, जहां स्टॉक मार्केट में लिस्टिंग से पहले शेयरों का कारोबार होता है। अधिकतर निवेशक लिस्टिंग प्राइस का एक अंदाजा पाने के लिए ग्रे मार्केट पर नजर रखते हैं। हालांकि, इस बात की गारंटी नहीं है कि ग्रे मार्केट का अनुमान सही साबित हो।