स्लीप और होम सॉल्यूशंस मुहैया कराने वाली कंपनी स्टार्टअप वेकफिट (Wakefit) भी अब शेयर बाजार में आने की तैयारी में है। कंपनी ने अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लॉन्च करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए कंपनी ने एक्सिस कैपिटल (Axis Capital), IIFL कैपिटल सर्विसेज और नोमुरा (Nomura) को बतौर इनवेस्टमेंट बैंकर्स हायर किया है। इस मामले से वाकिफ सूत्रों ने मनीकंट्रोल को यह जानकारी दी है।
सूत्रों ने बताया कि कंपनी 1,500 करोड़ से 2,000 करोड़ (लगभग 200 मिलियन डॉलर) जुटाने की योजना बना रही है। हालांकि IPO के लिए ड्राफ्ट पेपर्स (DRHP) फाइल करने की तारीख तय नहीं हुई है।
सूत्रों ने बताया कि IPO में नए शेयरों के साथ ऑफर फॉर सेल (OFS) का भी एक हिस्सा होगा। हालांकि यह हिस्सा कितना होगा, इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। ऐसा माना जा रहा है कि इस IPO के जरिए कंपनी अपने शुरुआती निवेशकों को आंशिक या पूरी तरह से एग्जिट का मौका दे सकती है।
वेकफिट अब तक Peak XV पार्टनर्स, पारामार्क वेंचर्स (साउथ कोरिया) और वर्लिनवेस्ट (यूरोप) से 100 मिलियन (लगभग 850 करोड़ रुपये) से ज्यादा फंड जुटा चुकी है।
मैट्रेस से होम फर्निशिंग तक का सफर
2016 में अंकित गर्ग और चैतन्य रामलिंगगौड़ा ने एक मैट्रेस ब्रांड के रूप में Wakefit की शुरुआत की थी। लेकिन समय के साथ कंपनी ने अपना दायरा बढ़ाते हुए कॉट बेड, टेबल, चेयर और दूसरे फर्निशिंग प्रोडक्ट्स की कैटेगरी में भी कदम रखा।
कंपनी का रेवेन्यू FY20 में 199 करोड़ रुपये था, जो FY24 में बढ़कर 1,017 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं FY23 में कंपनी को जहां 146 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था, वहीं FY24 में यह सिर्फ 15 करोड़ रुपये रह गया। यानी घाटा काफी कम हो गया है।
कॉम्पिटीशन और IPO मार्केट में तेजी
वेकफिट का बाजार में मुकाबला द स्लीप कंपनी, वुडेनस्ट्रीट और IKEA जैसी कंपनियों से हैं भारत में फर्नीचर और स्लीप सॉल्यूशन मार्केट तेजी से बढ़ रहा है, जिसका लाभ Wakefit को मिल रहा है। IPO के मोर्चे पर, Wakefit उन कई नए दौर की कंपनियों में शामिल हो गई है जो शेयर मार्केट्स में उतरने की तैयारी कर रही हैं।
2024 में स्विगी, मोबीक्विक, ओला इलेक्ट्रिक सहित 13 स्टार्टअप्स ने आईपीओ के जरिए कुल 29,000 करोड़ रुपये (लगभग $3.4 बिलियन) जुटाए थे। 2023 में जहां सिर्फ 5 स्टार्टअप्स ने IPO लॉन्च किया था, वहीं 2022 में यह संख्या सिर्फ 2 थी।
2025 में आ सकते हैं कई बड़े IPO
साल 2025 में कम से कम 25 स्टार्टअप्स के IPO लाने की संभावना है। वहीं ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले सालों में वालमार्ट के स्वामित्व वाली फ्लिपकार्ट, OYO, और PhonePe जैसी कंपनियां भी IPO ला सकती हैं।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।