Yatharth Hospital IPO: यथार्थ हॉस्पिटल्स के शेयरों का अलॉटमेंट हो चुका है और अब सबकी निगाहें कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग पर टिकी हैं। कंपनी के शेयर सोमवार 7 अगस्त को स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट होंगे। ग्रे मार्केट से मिल रहे संकेतों की मानें तो, कंपनी की लिस्टिंग काफी मजबूत हो सकती है। जानकारों के मुताबिक, शनिवार 5 अगस्त को यथार्थ हॉस्पिटल्स के शेयर ग्रे मार्केट में 80 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। इसका मतलब है कि ग्रे मार्केट को यथार्थ हॉस्पिटल्स के शेयर उसके आईपीओ से 80 रुपये अधिक के भाव पर लिस्ट होने की उम्मीद है।
यथार्थ हॉस्पिटल्स के आईपीओ को निवेशकों से मिली अच्छी प्रतिक्रिया, कंपनी की मजबूत वित्तीय सेहत और शेयर बाजारों में शुक्रवार को तेजी वापस लौटने के चलते भी एक्सपर्ट्स को यथार्थ हॉस्पिटल्स की लिस्टिंग मजबूत रहने की उम्मीद है।
यथार्थ हॉस्पिटल्स ने अपने शेयरों को 300 रुपये के भाव पर आवंटित किया है। ग्रे मार्केट में इसका प्रीमियम अभी 80 रुपये अधिक है। इसका मतलब है कि ग्रे मार्केट इस शेयर को 380 (300+80) रुपये पर होने की उम्मीद है। यह 300 रुपये के मूल भाव से करीब 25 फीसदी अधिक है।
यथार्थ हॉस्पिटल्स के आईपीओ को निवेशकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी और यह 36.15 गुना सब्सक्राइब हुआ है। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (QIB) के लिए रिजर्व हिस्से को 85.1 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। वहीं, रिटेल निवेशकों के हिस्से को 8.34 गुना और हाई नेट वर्थ इंडिविजुअल के हिस्से को 37.22 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है।
यथार्थ हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा केयर सर्विसेज के नोएडा, ग्रेटर नोएडा और नोएडा एक्सटेंशन यानी दिल्ली एनसीआर में तीन सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल हैं। इसके अलावा इसने उत्तर प्रदेश के झांसी के पास मध्य प्रदेश के ओरछा में 305 बेड वाले मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल का अधिग्रहण किया है। इस अधिग्रहण के बाद इसकी क्षमता बढ़कर 1,405 बेड की हो गई है। 31 मार्च, 2023 तक उपलब्ध आंकड़ों के हिसाब से इसमें 609 डॉक्टर हैं।