Lok Sabha Chunav 2024: लोकसभा चुनाव से पहले देश भर में राजनीतिक दलों के गठजोड़ का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में बिहार (Bihar) की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आई है। पूर्व सांसद राजेश रंजन ऊर्फ पप्पू यादव (Pappu Yadav) बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। इसके साथ ही उन्होंने अपनी जन अधिकार पार्टी (JAP) का कांग्रेस में विलय भी कर दिया। पप्पू यादव और उनके बेटे सार्थक ने नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में देश की सबसे पुरानी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कांग्रेस के बिहार प्रभारी मोहन प्रकाश और पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने पार्टी में उनका स्वागत किया। पप्पू यादव ने एक दिन पहले मंगलवार रात बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी के आवास पर RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव और पार्टी नेता तेजस्वी यादव से मुलाकात की थी। उसके बाद उन्होंने महागठबन से हाथ मिलाने के संकेत दिए थे।
पप्पू यादव ने की राहुल गांधी की तारीफ
कांग्रेस में शामिल होने के बाद पप्पू यादव ने कहा, "मेरी विचारधारा हमेशा कांग्रेस की विचारधारा के करीब रही है...राहुल गांधी जी संघर्ष के प्रतीक हैं। उन्होंने देश के लिए एक उम्मीद जगाई है।" उन्होंने कहा, "कांग्रेस और लालू यादव मिलकर 2024 जीतेंगे और 2025 जीतेंगे।"
कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने कहा कि जन अधिकार पार्टी' और पप्पू यादव जी किसी भी परिचय के मोहताज नहीं हैं। पप्पू यादव जी एक कद्दावर नेता हैं। वे आज कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व, नीतियों और दिशा से प्रभावित होकर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। वे 'जन अधिकार पार्टी' का भी कांग्रेस में विलय कर रहे हैं। ये विलय साधारण नहीं है, बल्कि ऐतिहासिक है।
आपको जानकारी के लिए बता दें कि पप्पू यादव की पत्नी रंजीत रंजन भी कांग्रेस की नेता हैं और वह राज्यसभा सदस्य हैं। माना जा रहा है कि पप्पू यादव कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। सूत्रों की मानें तो पप्पू यादव कांग्रेस के टिकट पर पूर्णिया से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं।