Lok Sabha Elections 2024: पुंछ आतंकी हमले पर कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी की "चुनावी स्टंट" वाली विवादित टिप्पणी के बाद अब सबसे पुरानी पार्टी की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने कहा कि चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) कुछ भी कर सकती है। लुधियाना से कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार वारिंग ने आगे कहा कि पुलवामा हमला अभी भी एक "बड़ा रहस्य" है। बता दें कि 14 फरवरी, 2019 को जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 40 जवान शहीद हो गए थे। इससे पहले पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी पुलवामा आतंकी हमले को चुनाव स्टंट करार दिया था।