Delhi Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस (Congress) की दिल्ली इकाई के कुछ कार्यकर्ताओं ने सोमवार (22 अप्रैल) को पार्टी द्वारा भारतीय जनता पार्टी (BJP) से पाला बदलकर आए उदित राज (Udit Raj) को उत्तर पश्चिमी दिल्ली से लोकसभा उम्मीदवार चुने जाने के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर पार्टी कार्यालय के बाहर जुटे हुए थे। कार्यकर्ताओं ने मौजूदा लोकसभा चुनावों में कांग्रेस द्वारा मैदान में उतारे गए उदित राज के खिलाफ नारे लगाए।
उदित राज ने 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार के रूप में उत्तर पश्चिम दिल्ली सीट जीती थी। वर्ष 2019 के चुनावों में बीजेपी द्वारा उन्हें टिकट नहीं दिया गया, जिसके बाद वे कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के दिल्ली कार्यालय पर "बाहरी उम्मीदवार नहीं चलेगा..." के नारे के साथ विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता राजेश राठौड़ ने कहा कि एक स्थानीय पार्टी नेता को उत्तर पश्चिम दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा जाना चाहिए था। उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी के कई कार्यकर्ता यहां एकत्र हुए हैं। हमें उम्मीद थी कि पार्टी किसी स्थानीय पार्टी नेता को टिकट देगी, जो आगामी चुनावों में भाजपा को कड़ी टक्कर देगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ।"
कांग्रेस की दिल्ली इकाई के प्रमुख अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि सबसे पुरानी पार्टी में सभी को अपनी आवाज उठाने की इजाजत है। अरविंदर सिंह लवली ने पार्टी उम्मीदवारों कन्हैया कुमार, जेपी अग्रवाल और उदित राज के साथ पार्टी कार्यालय के अंदर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया।
उन्होंने कहा, "कांग्रेस एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां हर किसी को अपनी आवाज उठाने की इजाजत है, इससे पता चलता है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकटों की काफी मांग है।" उत्तर पूर्वी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस द्वारा मैदान में उतारे गए कन्हैया कुमार ने 2019 का लोकसभा चुनाव बिहार के बेगूसराय से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार के रूप में लड़ा था।