Lok Sabha Chunav 2024: कौन हैं कन्हैया कुमार, जो मनोज तिवारी के खिलाफ ठोकेंगे ताल? जानें कांग्रेस की रणनीति

Lok Sabha Chunav 2024: बीजेपी नेता मनोज तिवारी ने कहा कि कांग्रेस की सोच लोगों को अचंभित करती है कि क्या कांग्रेस को कोई भी ऐसा व्यक्ति नहीं मिला जो देश, सेना और देश की संस्कृति का सम्मान करता हो? दिल्ली की जनता कांग्रेस और इसके गठबंधन का परिचय पा चुकी है... हम कल भी सेवा में है, आज भी सेवा में है और हमें कल भी जदता सेवा में रखेगी, ये मेरा विश्वास है

अपडेटेड Apr 15, 2024 पर 11:48 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Kanhaiya Kumar vs Manoj Tiwari: उत्तर पूर्वी दिल्ली में कन्हैया कुमार और मनोज तिवारी के बीच महामुकाबला होगा

Delhi Lok Sabha Chunav 2024: कांग्रेस इस बार JNU स्टूडेंट यूनियन के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार (Kanhaiya Kumar) को दिल्ली से चुनावी मैदान में उतारा है। कन्हैया उत्तर पूर्वी दिल्ली संसदीय सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। कन्हैया कुमार का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दिग्गज नेता और उम्मीदवार मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) से होगा। मनोज तिवारी पिछले दो बार से यहां सांसदी का चुनाव जीतते आ रहे हैं। दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस (Congress) के बीच सीटों का समझौता है। यहां कुल 7 लोकसभा सीटें हैं। इनमें से 4 पर आम आदमी पार्टी और 3 पर कांग्रेस चुनाव लड़ रही है।

कांग्रेस के हिस्से में चांदनी चौक, उत्तर पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिम दिल्ली संसदीय क्षेत्र की सीटें आई है। बीजेपी ने मनोज तिवारी को छोड़कर दिल्ली के सभी सांसदों का टिकट काट दिया है। दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर छठे चरण में चुनाव होने हैं। छठे चरण का मतदान 25 मई को होगा। जबकि रिजल्ट 4 जून को आएंगे। दिल्ली में चांदनी चौक, नई दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली,उत्तर पश्चिमी दिल्ली दक्षिणी दिल्ली एवं पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीटें हैं।

कौन हैं कन्हैया कुमार?


कन्हैया कुमार पहले लेफ्ट में थे, लेकिन सितंबर 2021 में उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में कन्हैया कुमार बिहार के बेगूसराय लोकसभा सीट से चुनाव लड़े थे, लेकिन बीजेपी के दिग्गज नेता गिरिराज सिंह से उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उस वक्त कन्हैया कुमार CPI के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे थे। कन्हैया जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं।

उत्तर पूर्वी दिल्ली से उम्मीदवार बनाए गए कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार पर JNU की एक छात्र रैली में राष्‍ट्रविरोधी नारे लगाने के आरोप में देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया था। उन्‍हें दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था। हालांकि राष्ट्र-विरोधी नारों के मामले में पुलिस कुमार के खिलाफ कोई सबूत पेस नहीं कर सकी, जिसके चलते उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था। JNU में 2016 में लगे देश विरोधी नारे को लेकर कन्हैया काफी चर्चा में रहे थे। उन्हें कैंपस में "देश-विरोधी" नारे लगाने के लिए उस समय गिरफ्तार भी किया गया था।

वार-पलटवार शुरू

कन्हैया कुमार को लोकसभा टिकट दिए जाने पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "कांग्रेस के पास उम्मीदवारों की कमी है। तो वे जितने अस्वीकार कर दिए गए लोग हैं उन्हें लेकर वे झुनझुना बजा रहे हैं... दुनिया की कोई ताकत नहीं जो मनोज तिवारी को हराए।'' वहीं, मनोज तिवारी के खिलाफ कांग्रेस द्वारा कन्हैया कुमार को टिकट देने पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, "बहुत अच्छा मुकाबला होगा जिसमें हमारे कन्हैया कुमार जीतेंगे।"

बीजेपी नेता के बयान पर कन्हैया कुमार ने कहा, "ये बात तो उनके (बीजेपी) ऊपर भी लागू होती है। बहुत सारे लोग थे जो कांग्रेस पार्टी में हार गए थे और अब बीजेपी में उनका रेड कारपेट बिछाकर स्वागत किया जा रहा है... वे (गिरीराज सिंह) किस मुंह से ये बात कह रहे हैं?... वे ऐसे ही भटकाने वाले बयान देंगे, इधर-उधर की बातें करेंगे लेकिन हम रोजी-रोटी, कपड़ा-मकान पर टिके रहेंगे।"

ये भी पढ़ें- Congress Candidates List: मनोज तिवारी के खिलाफ कन्हैया कुमार, पूर्व CM चन्नी को भी टिकट, कांग्रेस ने जारी की 10 उम्मीदवारों की लिस्ट

कन्हैया कुमार को टिकट दिए जाने पर बीजेपी नेता मनोज तिवारी ने कहा, "...कोई ना कोई तो आना ही था तो जो भी आए हैं उनका स्वागत ही है लेकिन कांग्रेस की सोच लोगों को अचंभित करती है कि क्या कांग्रेस को कोई भी ऐसा व्यक्ति नहीं मिला जो देश, सेना और देश की संस्कृति का सम्मान करता हो?... दिल्ली की जनता कांग्रेस और इसके गठबंधन का परिचय पा चुकी है... हम कल भी सेवा में है, आज भी सेवा में है और हमें कल भी जदता सेवा में रखेगी, ये  मेरा विश्वास है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।