Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Highlights: हरियाणा में शाम 5 बजे तक 58.06% वोटिंग, करनाल उपचुनाव के लिए भी मतदान खत्म, जानें किस सीट पर कितना पड़ा वोट

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 phase 6 Highlights: हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों के लिए आम चुनाव और करनाल विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए शनिवार (25 मई) सुबह 7 बजे से जारी मतदान अब समाप्त हो चुका है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और कांग्रेस की कुमारी सैलजा सहित 223 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। लोकसभा चुनाव के छठे चरण में हरियाणा में 207 पुरुष और 16 महिला उम्मीदवार मैदान में हैं। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी

अपडेटेड May 25, 2024 पर 7:10 PM
Story continues below Advertisement
Haryana Lok Sabha Chunav 2024: बीजेपी अपनी पिछली सफलता को दोहराते हुए हरियाणा में अपना गढ़ बरकरार रखना चाहती है

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 phase 6 Highlights: आम चुनाव 2024 के छठे चरण में आज (25 मई, 2024) हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान हुआ। इस चरण में राज्य के सभी 10 संसदीय क्षेत्रों अंबाला, कुरूक्षेत्र, सिरसा, हिसार, करनाल, सोनीपत, रोहतक, भिवानी-महेंद्रगढ़, गुरुग्राम और फरीदाबाद में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले गए। इस चरण में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और कांग्रेस की कुमारी सैलजा सहित 223 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। लोकसभा चुनाव के छठे चरण में हरियाणा में 207 पुरुष और 16 महिला उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य में दो करोड़ से अधिक पात्र मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

साल 2019 के आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। बीजेपी अपनी पिछली सफलता को दोहराते हुए हरियाणा में अपना गढ़ बरकरार रखना चाहती है। हालांकि, भगवा पार्टी को JJP और INLD जैसी अन्य स्थानीय पार्टियों के साथ कांग्रेस द्वारा जोरदार चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।

देखें लाइव अपडेट्स:-


Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (06:24) शाम 5 बजे तक किस क्षेत्र में कितना हुआ मतदान?

चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, हरियाणा में शनिवार शाम 5 बजे तक 58.06 फीसदी वोटिंग दर्ज किया गया है। अंबाला में 58.44 प्रतिशत, भिवानी-महेंद्रगढ़ में 56.11%, फरीदाबाद में 53.64%, गुरुग्राम में 51.75%, हिसार में 53.85%, करनाल में 55.71%, कुरूक्षेत्र में 58.38%, रोहतक में 58.28%, सिरसा में 59.57% और सोनीपत में 55.49 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (05:50) हरियाणा में शाम 5 बजे तक 55.93% वोटिंग

हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव के दौरान शाम 5 बजे तक 55.93 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है। करनाल विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी है जहां से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चुनावी मैदान में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के विधायक पद से इस्तीफे के बाद यहां उपचुनाव हो रहा है।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (05:40) दिग्गजों की किस्मत दांव पर

हरियाणा लोकसभा चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और कृष्ण पाल गुर्जर, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा तथा दीपेंद्र सिंह हुड्डा प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं। करनाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार खट्टर का मुकाबला हरियाणा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा से है।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (05:25) करनाल में मतदाताओं की पर्ची काटते नजर आए सीएम सैनी

करनाल में जारी मतदान के बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक आम बीजेपी कार्यकर्ता की तरह नजर आए। उन्होंने चुनावी बस्ते पर बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर खुद अपनी कलम से साधारण वोटर्स की पर्चियां बनाई। सैनी करनाल विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी के प्रत्याशी हैं।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live:  (04:55)  I.N.D.I.A. गठबंधन अपने वोट बैंक के लिए 'मुजरा' कर रहा है: PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. पर शनिवार को तीखा हमला किया और उस पर मुस्लिम वोट बैंक के लिए 'गुलामी' और 'मुजरा' करने का आरोप लगाया। बिहार के पाटलिपुत्र और काराकाट संसदीय क्षेत्र में अलग-अलग रैलियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने विपक्ष पर तीखा हमला किया और अल्पसंख्यक संस्थानों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पछड़ा वर्ग को आरक्षण से वंचित करने के लिए RJD और कांग्रेस जैसे दलों को जिम्मेदार ठहराया।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (04:35) दोपहर 3 बजे तक किस क्षेत्र में कितना हुआ मतदान

चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, हरियाणा में शनिवार दोपहर 3 बजे तक 46.26 फीसदी वोटिंग दर्ज किया गया है। अंबाला में 48.31 प्रतिशत, भिवानी-महेंद्रगढ़ में 47.25%, फरीदाबाद में 42.34%, गुरुग्राम में 41.31%, हिसार में 45.28%, करनाल में 46.24%, कुरूक्षेत्र में 50.17%, रोहतक में 49.08%, सिरसा में 49.44% और सोनीपत में 46.14 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (04:20) कृष्णपाल गुर्जर ने परिवार के साथ किया मतदान

फरीदाबाद से BJP के लोकसभा उम्मीदवार कृष्णपाल गुर्जर ने अपने परिवार के साथ एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा कि देश के मुद्दों और राष्ट्रीय हित के लिए मैंने मतदान किया है। उन्होंने लोगों से बड़ी तादाद में मतदान करने की अपील की। इस सीट से कांग्रेस उम्मीदवार महेंद्र प्रताप ने भी अपने परिवार के साथ मतदान किया।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (04:00)  हरियाणा में दोपहर 3 बजे तक 46.26% वोटिंग

हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव के दौरान दोपहर 3 बजे तक 46.26 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है। करनाल विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी है जहां से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चुनावी मैदान में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के विधायक पद से इस्तीफे के बाद यहां उपचुनाव जरूरी हो गया था।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (03:20) कुमारी शैलजा ने डाला अपना वोट

सिरसा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार कुमारी शैलजा ने अपना वोट डाला। वोटिंग के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा, "लोग कांग्रेस और गठबंधन की तरफ देख रहे हैं। लोग विकल्प देख रहे हैं। लोगों ने इनकी(भाजपा) हक़ीकत जान ली है। हरियाणा में बेरोज़गारी एक बहुत बड़ा मुद्दा है।"

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (02:55) हरियाणा विधायक राकेश दौलताबाद का निधन

हरियाणा के बादशाहपुर से निर्दलीय विधायक राकेश दौलताबाद का हार्ट अटैक से निधन हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर दुख जताया है। पीएम मोदी ने X पर एक पोस्ट में कहा, "हरियाणा के विधायक राकेश दौलताबाद जी के आकस्मिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है। अपनी मेहनत और लगन से उन्होंने बहुत ही कम उम्र में लोगों के बीच एक अलग पहचान बनाई थी। उनका जाना प्रदेश की राजनीति के लिए एक बड़ा नुकसान है। ईश्वर शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों को संबल प्रदान करे। ओम शांति!"

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (02:45) हरियाणा में ड्यूटी के दौरान कर्मचारी की मौत

हरियाणा में चुनावी ड्यूटी के दौरान अचानक से तबीयत खराब होने की वजह से एक कर्मचारी की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, मृतक कर्मचारी सोनीपत के गांव गंगाना का रहने वाला था। उनकी सोनीपत के गांव सेरसा जाटी में चुनावी ड्यूटी लगी थी। सोनीपत के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हरियाणा के चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर अनुराग अग्रवाल ने बताया कि सोनीपत में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी की मौत पैरालिसिस के चलते हुई। चुनाव आयोग की तरफ से उनके परिवार को 15 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (02:24) 'PoK हमारा है और हम उसे लेकर रहेंगे'

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (PoK) भारत का हिस्सा है और हम उसे लेकर रहेंगे। उन्होंने पड़ोसी देश के पास परमाणु बम होने संबंधी बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा।

शाह ने हमीरपुर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशी एवं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के समर्थन में ऊना जिले के अम्ब में एक रैली में कहा, "पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर हमारा है, हमारा रहेगा और हम इसे लेकर रहेंगे।"

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा चुनाव के पहले पांच चरणों में 310 सीटें जीत ली हैं और छठे तथा आखिरी चरणों के चुनाव में 400 पार का लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा जबकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी 40 सीटों तक सीमित रहेंगे। शाह ने रैली में लोगों से यह पूछकर कांग्रेस पर निशाना साधा कि अगर वह सत्ता में आती है तो प्रधानमंत्री कौन होगा।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (02:10) दोपहर 1 बजे तक किस क्षेत्र में कितना हुआ मतदान

चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, हरियाणा में शनिवार दोपहर 1 बजे तक 36.48 फीसदी वोटिंग दर्ज किया गया है। अंबाला में 38.12 प्रतिशत, भिवानी-महेंद्रगढ़ में 38.37%, फरीदाबाद में 33.92%, गुरुग्राम में 30.59%, हिसार में 34.99%, करनाल में 35.69%, कुरूक्षेत्र में 40.06%, रोहतक में 38.15%, सिरसा में 40.48% और सोनीपत में 3707 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (01:47) हरियाणा में दोपहर 1 बजे तक 36.48% मतदान

हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव के दौरान शुरुआती दोपहर 1 बजे तक 36.48% प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है। करनाल विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी है जहां से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चुनावी मैदान में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के विधायक पद से इस्तीफे के बाद यहां उपचुनाव जरूरी हो गया था।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (12:55) कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने डाला वोट

हरियाणा के कैथल में कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। हरियाणा की 10 लोकसभा सीट पर चुनाव के दौरान शुरुआती दो घंटों में 8.31 प्रतिशत मतदान हुआ। करनाल विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी है जहां से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चुनावी मैदान में हैं।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (12:40) पीएम मोदी का विपक्ष पर हमला

बिहार के पाटलिपुत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "इंडी गठबंधन की एक ओर साजिश का भी अभी कोलकाता हाईकोर्ट ने देश के सामने खुलासा कर दिया है। इंडी वालों ने बंगाल में 77 मुस्लिम जातियों को खटाखट-खटाखट एक झटके में OBC का दर्जा दे दिया। इसके बाद सरकारी नौकरियों में जो लाभ अति पिछड़ों और OBC जातियों को मिलना चाहिए था, वो इन 77 मुस्लिम जातियों को मिलने लगा।"

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (12:25) अभय सिंह चौटाला ने डाला वोट

हरियाणा के सिरसा में INLD नेता अभय सिंह चौटाला ने पी.एम.श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "कांग्रेस और भाजपा की गलतफहमी लोग दूर कर देंगे। लोगों का विश्वास INLD पार्टी के प्रति काफी बढ़ा है। नतीजे बहुत चौकाने वाले होंगे।"

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (12:10) 11 बजे तक किस संसदीय क्षेत्र में कितना हुआ मतदान

चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, हरियाणा में शनिवार सुबह 11 बजे तक 22.09 फीसदी वोटिंग दर्ज किया गया है। अंबाला में 22.30 प्रतिशत, भिवानी-महेंद्रगढ़ में 24.32%, फरीदाबाद में 19.55%, गुरुग्राम में 17.42%, हिसार में 22.18%, करनाल में 22.04%, कुरूक्षेत्र में 26.10%, रोहतक में 22.15%, सिरसा में 24.71% और सोनीपत में 22.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live:  (11:55) हरियाणा में सुबह 11 बजे तक 22.09% मतदान

हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव के दौरान शुरुआती चार घंटों में यानी सुबह 11 बजे तक 22.09 प्रतिशत मतदान हुआ। करनाल विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी है जहां से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चुनावी मैदान में हैं। करनाल विधानसभा सीट पर 9 उम्मीदवार मैदान में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के विधायक पद से इस्तीफे के बाद यहां उपचुनाव जरूरी हो गया था।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live:  (11:35)  करनाल में उपचुनाव के लिए भी डाले जा रहे वोट

हरियाणा की 10 लोकसभा सीट पर चुनाव के दौरान शुरुआती दो घंटों में 8.31 प्रतिशत मतदान हुआ। करनाल विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी है जहां से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चुनावी मैदान में हैं। करनाल विधानसभा सीट पर 9 उम्मीदवार मैदान में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के विधायक पद से इस्तीफे के बाद यहां उपचुनाव जरूरी हो गया था।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (11:25) उपराष्ट्रपति धनखड़ ने दिल्ली में किया मतदान

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी सुदेश ने शनिवार को लोकसभा चुनाव के लिए राजधानी दिल्ली के एक पोलिंग बूथ पर मतदान किया। धनखड़ अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए दिल्ली के नॉर्थ एवेन्यू में सीपीडब्ल्यूडी सेवा केंद्र स्थित मतदान केंद्र पहुंचे। वह और उनकी पत्नी कतार में खड़े रहे और मतदान के लिए अपनी बारी का इंतजार किया।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (11:02) अंबाला में बीजेपी-कांग्रेस के बीच करीबी मुकाबला

अंबाला में 2024 के चुनावों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच एक करीबी मुकाबला देखने को मिलेगा। परिणाम इस बात पर निर्भर करेगा कि उम्मीदवार स्थानीय मुद्दों को कितनी अच्छी तरह उठा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने इस निर्वाचन क्षेत्र में अपना प्रभाव बरकरार रखने के उद्देश्य से बंटो कटारिया को मैदान में उतारा है। वहीं, वरुण चौधरी आम चुनाव में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वह बीजेपी उम्मीदवार के सामने मजबूत दावेदार के रूप में नजर आ रहे हैं। अंबाला अपने औद्योगिक क्षेत्र के लिए जाना जाता है। शहर में कई छोटे और मध्यम उद्यम हैं जो इसकी अर्थव्यवस्था में योगदान देते हैं।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (10:42)  सुबह 9 बजे तक किस जिले में कितना हुआ मतदान

चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, हरियाणा में शनिवार सुबह 9 बजे तक 8.31 फीसदी वोटिंग दर्ज किया गया है। अंबाला में 6.92 प्रतिशत, भिवानी-महेंद्रगढ़ में 10.26%, फरीदाबाद में 5.46%, गुरुग्राम में 6.20%, हिसार में 07.44%, करनाल में 9.29%, कुरूक्षेत्र में 9.92%, रोहतक में 10.22%, सिरसा में 9.81% और सोनीपत में 9.33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (10:03) हरियाणा में सुबह 9 बजे तक 8.31% वोटिंग

हरियाणा में सुबह 9 बजे तक 8.31 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। आम चुनाव 2024 के छठे चरण में आज (25 मई, 2024) हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहे हैं।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (09:43) अंबाला में वोटिंग के लिए उमड़े लोग

हरियाणा के अंबाला में मतदान के लिए भारी संख्या में वोटर सुबह-सुबह वोट डालने के लिए पहुंचे हैं। कैंट के प्राचीन हाथी खाना मंदिर के बूथ नंबर 123 पर सबसे अधिक भीड़ है। इसी बूथ पर दो किडनी फेल मतदाता सोमनाथ ने भी मतदान किया। जबकि अंबाला कैंट में 83 नंबर बूथ को पिंक बूथ मतदाताओं में मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। यह बूथ पूरी तरह से गुलाबी थीम पर सजा हुआ है और यहां पर पोलिंग पार्टी में महिला वर्कर्स शामिल है।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (09:32) भूपिंदर सिंह हुड्डा ने की मतदान करने की अपील

हरियाणा के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा, ''मैं हरियाणा के लोगों से अपील करता हूं कि वे अपने मतदान के अधिकार का प्रयोग करें और बड़ी संख्या में मतदान करें।'' वहीं, उनके बेटे और रोहतक लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, "मुझे पूरा विश्वास है कि सिर्फ रोहतक सीट ही नहीं बल्कि कांग्रेस और उसका गठबंधन हरियाणा की सभी 10 सीटें जीतेंगे..."

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (09:17) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली में किया मतदान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अपना मतदान किया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में छठे चरण के तहत 7 लोकसभा सीटों पर वोटिंग शुरू हो चुकी है। जिन सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं उनमें पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, उत्तर पूर्व दिल्ली, उत्तरी पश्चिम दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, पश्चिम दिल्ली और चांदनी चौक लोकसभा सीटें शामिल हैं।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (09:05) कांग्रेस ने किया सभी 10 सीटों पर जीत का दावा

हरियाणा के रोहतक लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, "मुझे पूरा विश्वास है कि सिर्फ रोहतक सीट ही नहीं बल्कि कांग्रेस और उसका गठबंधन हरियाणा की सभी 10 सीटें जीतेंगे।"

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live:  (08:50) पीएम मोदी ने की मतदान की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से भारी संख्या में वोट डालने की अपील की है। पीएम मोदी ने X पर लिखा, "लोकसभा चुनाव के छठे चरण के सभी मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान के लिए आगे आएं। एक-एक वोट मायने रखता है और आपका वोट भी उतना ही महत्वपूर्ण है! लोकतंत्र तभी फलता-फूलता है और जीवंत दिखता है, जब चुनाव प्रक्रिया में जनता-जनार्दन की बढ़-चढ़कर भागीदारी होती है। माताओं-बहनों और बेटियों के साथ ही युवा वोटरों से मेरा विशेष आग्रह है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें।"

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (08:40) बीजेपी उम्मीदवार नवीन जिंदल ने किया मतदान

बीजेपी उम्मीदवार नवीन जिंदल ने उनकी पत्नी के साथ कुरूक्षेत्र में अपना वोट डाला। कुरूक्षेत्र लोकसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है, जिसमें बीजेपी की तरफ से कारोबारी नवीन जिंदल, AAP के सुशील गुप्ता और इनेलो के अभय चौटाला चुनावी मैदान में हैं। इस संसदीय क्षेत्र में तीन जिले शामिल हैं।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (08:20) JJP नेता और हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने किया मतदान

JJP नेता और हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने शनिवार सुबह हरियाणा के सिरसा में स्थित एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा कि मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे बाहर आएं और वोट देने के अपने अधिकार का प्रयोग करें और बदलाव के लिए वोट करें।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (08:12)  2019 में सभी सीटों पर बीजेपी की हुई थी जीत

हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और कांग्रेस की कुमारी सैलजा सहित 223 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। लोकसभा चुनाव के छठे चरण में हरियाणा में 207 पुरुष और 16 महिला उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य में दो करोड़ से अधिक पात्र मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। साल 2019 के आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी।

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (07:55) हरियाणा के सीएम ने किया मतदान

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लोकसभा चुनाव के छठे चरण में मंदसौर में अपना वोट डाला। इस दौरान सैनी ने कहा, "लोकतंत्र का महापर्व है। हम सभी को इसकी मजबूती के लिए इसमें हिस्सा लेना चाहिए। मैं सभी प्रदेश वासियों से अपील करता हूं कि मतदान करें। PM नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 सालों में भारत ने विकास की एक नई दिशा तय की है। आज पूरे विश्व में भारत ऊंचाई पर पहुंचा है।"

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (07:45) पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्ट ने डाला वोट

हरियाणा के पूर्व सीएम और करनाल से बीजेपी उम्मीदवार मनोहर लाल खट्टर ने अपना वोट डाला। खट्टर ने अपना वोट डालने के बाद कहा, "आज लोकतंत्र का महा पर्व हरियाणा की 10 की 10 सीटों पर मतदान शुरू हो चुका है। मुझे अपने बूथ पर पहला वोट डालने का अवसर प्राप्त हुआ। इस महा पर्व में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें। वोट जरूर डालें। मैं शाम तक सभी लोकसभा क्षेत्रों में एक बार जाकर आऊंगा। चुनाव शांतिपूर्वक होना चाहिए।"

Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (07:35) हरियाणा की सभी 10 सीटों पर वोटिंग शुरू

हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों के लिए आम चुनाव और करनाल विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए शनिवार (25 मई) को सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और कांग्रेस की कुमारी सैलजा सहित 223 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा।

कितने सीटों पर कौन लड़ रहा चुनाव?

हरियाणा में बीजेपी सभी 10 सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ रही है। वहीं, कांग्रेस जहां 9 सीटों पर लड़ रही है। जबकि आम आमदी पार्टी (AAP) एक एकमात्र सीट कुरूक्षेत्र पर लड़ रही है। हरियाणा में लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर को करनाल सीट से मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने उद्योगपति नवीन जिंदल को कुरुक्षेत्र से टिकट दिया है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने गुरुग्राम में केंद्रीय मंत्री और मौजूदा सांसद राव इंद्रजीत सिंह के खिलाफ राज बब्बर पर दांव लगाया है। सबसे पुरानी पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुडा के बेटे दीपेंद्र सिंह हुडा को बीजेपी के अरविंद कुमार शर्मा के खिलाफ रोहतक से मैदान में उतारा है।

किस सीट पर किससे है लड़ाई?

अंबाला: अंबाला में 2024 के चुनावों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच एक करीबी मुकाबला देखने को मिलेगा। परिणाम इस बात पर निर्भर करेगा कि उम्मीदवार स्थानीय मुद्दों को कितनी अच्छी तरह उठा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने इस निर्वाचन क्षेत्र में अपना प्रभाव बरकरार रखने के उद्देश्य से बंटो कटारिया को मैदान में उतारा है। वहीं, वरुण चौधरी आम चुनाव में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वह बीजेपी उम्मीदवार के सामने मजबूत दावेदार के रूप में नजर आ रहे हैं। अंबाला अपने औद्योगिक क्षेत्र के लिए जाना जाता है। शहर में कई छोटे और मध्यम उद्यम हैं जो इसकी अर्थव्यवस्था में योगदान देते हैं।

कुरूक्षेत्र: यह शहर भगवद गीता की भूमि के नाम से प्रसिद्ध है। यहां महाभारत का युद्ध लड़ा गया था। भगवान कृष्ण ने इस जगह अर्जुन को अपना गीता उपदेश दिया था। कुरूक्षेत्र लोकसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है, जिसमें बीजेपी की तरफ से कारोबारी नवीन जिंदल, AAP के सुशील गुप्ता और इनेलो के अभय चौटाला चुनावी मैदान में हैं। इस संसदीय क्षेत्र में तीन जिले शामिल हैं।

करनाल: करनाल लोकसभा सीट पर लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं। यह सीट राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी बीजेपी के 10 साल के शासन की परीक्षा बन गई है। करनाल निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव परिणाम हरियाणा में व्यापक राजनीतिक रुझानों का विश्लेषण करेंगे। बीजेपी की तरफ से हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर और कांग्रेस के दिव्यांशु बुद्धिराजा के बीच मुकाबला है। पिछले दो कार्यकालों में इस निर्वाचन क्षेत्र का मतदान पैटर्न बीजेपी के पक्ष में रहा है। पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर के आने से इस बार मुकाबला दिलचस्प हो गया है।

सिरसा: सिरसा निर्वाचन क्षेत्र में ग्रामीण और शहरी आबादी दोनों मतदाता हैं। यह क्षेत्र चुनाव के अंतिम परिणाम में निर्णायक भूमिका निभाएगा। पिछले सात-आठ सालों से राम रहीम के इलाके से ताल्लुक रखने की वजह से सिरसा बेल्ट अक्सर खबरों में बनी रहती है। सिरसा निर्वाचन क्षेत्र दो पूर्व राज्य कांग्रेस प्रमुखों, कुमारी शैलजा और अशोक तंवर के बीच भयंकर लड़ाई का गवाह बनेगा। तंवर हाल ही में बीजेपी में चले गए थे और चुनाव लड़ने के लिए फाइनल हो गए हैं।

हिसार: हिसार लोकसभा सीट पर बीजेपी के रणजीत सिंह, आईएनएलडी की सुनैना चौटाला, JJP की नैना चौटाला और कांग्रेस के जय प्रकाश के बीच मुकाबला है। हिसार ऐतिहासिक रूप से मतदाताओं की बदलती प्राथमिकताओं के साथ एक चुनावी युद्ध का मैदान रहा है। इस साल का चुनाव विशेष रूप से दिलचस्प हो गया है। हिसार के नतीजे हरियाणा के समग्र राजनीतिक परिदृश्य पर महत्वपूर्ण असर डाल सकते हैं और बड़ी राष्ट्रीय तस्वीर में योगदान दे सकते हैं।

रोहतक: रोहतक लोकसभा सीट पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच बड़ा मुकाबला है। सत्ता पक्ष ने मौजूदा सांसद अरविंद कुमार शर्मा को चुनावी मैदान में उतारा है। वह मौजूदा कांग्रेस सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुडा के बेटे दीपेंद्र सिंह हुडा को चुनौती दे रहे हैं। रोहतक राष्ट्रीय राजधानी के नजदीक है, जो यहां की राजनीति को और अधिक महत्वपूर्ण और निर्णायक बनाता है। रोहतक लोकसभा क्षेत्र में रोहतक, झज्जर और दादरी जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

फरीदाबाद: फरीदाबाद लोकसभा सीट से बीजेपी ने निवर्तमान सांसद कृष्ण पाल को फिर से मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने पुराने महेंद्र प्रताप को टिकट दिया है। फरीदाबाद और तिगांव फरीदाबाद जिले में आते हैं। बीजेपी के कृष्णपाल गूजर के नाम भारी अंतर से मुकाबला जीतने का रिकॉर्ड है।

गुरुग्राम: गुरुग्राम लोकसभा सीट से बीजेपी ने फिर से राव इंद्रजीत को चुनावी मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने बॉलीवुड अभिनेता और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राज बब्बर को टिकट दिया है। यह सीट रेवाडी जिले के बावल और रेवाडी सहित तीन जिलों को कवर करती है। यह जिला हरियाणा का एक प्रमुख वित्तीय और औद्योगिक केंद्र है। यहां निर्वाचन क्षेत्र का प्रशासनिक मुख्यालय है। गुरुग्राम मेंं कई विदेशी कंपनियां मौजूद हैं।

सोनीपत: सोनीपत लोकसभा क्षेत्र में जींद शहर और इसके आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। जींद अपने ऐतिहासिक महत्व और सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है। यह हरियाणा के राजनीतिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बीजेपी के मोहन लाल बडौली कांग्रेस के सतपाल ब्रह्मचारी को चुनौती देते नजर आएंगे। यह वह सीट है जहां सोनीपत में दूसरी सबसे ज्यादा जाट आबादी है जो हरियाणा की राजनीति को प्रभावित करती है।

ये भी पढ़ें- Lok Sabha Chunav 2024 phase 6 Live: छठे चरण की सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू, मनोज तिवारी, महबूबा मुफ्ती समेत कई दिग्गजों की साख दांव पर

भिवानी-महेंद्रगढ़: भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र हरियाणा के 10 संसदीय क्षेत्रों में से एक है। इसमें भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ जिलों के कुछ हिस्से शामिल हैं। यहां बीजेपी ने धर्मबीर सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है जिन्हें कांग्रेस के राव धन सिंह से चुनौती मिल रही है।POL

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।