Lok Sabha Chunav 2024 Live: हरियाणा में तीन बजे तक 46.26 प्रतिशत मतदान
हरियाणा की 10 लोकसभा सीट पर शनिवार को दोपहर तीन बजे तक 46.26 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। करनाल विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी है, जहां से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चुनावी मैदान में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद यहां उपचुनाव हो रहा है।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह सात बजे मतदान शुरू होने के बाद शुरुआती दो घंटे में 8.31 प्रतिशत मतदान हुआ, जो पूर्वाह्न 11 बजे तक बढ़कर 22.09 प्रतिशत, दोपहर एक बजे तक 36.48 फीसदी और दोपहर तीन बजे 46.26 प्रतिशत हो गया।
अधिकारियों ने बताया कि पूरे राज्य में मतदान सुचारु रूप से जारी है। कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हो रहा है, जो शाम छह बजे समाप्त होगा।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने बताया कि राज्य में 2,00,76,768 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 94,23,956 महिलाएं और 467 ‘ट्रांसजेंडर’ मतदाता शामिल हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, दोपहर तीन बजे तक कुरुक्षेत्र में सबसे अधिक 50.17 प्रतिशत मतदान हुआ। सिरसा में 49.44 प्रतिशत वोटिंग हुई, जबकि गुरुग्राम में सबसे कम 41.33 फीसद वोट डाले जा चुके हैं।
अंबाला में 48.31 प्रतिशत, भिवानी-महेंद्रगढ़ में 47.25 प्रतिशत, फरीदाबाद में 42.33 प्रतिशत, हिसार में 45.28 प्रतिशत, करनाल में 46.24 प्रतिशत, रोहतक में 49.08 प्रतिशत और सोनीपत में 46.14 प्रतिशत मतदान हुआ।