Credit Cards

Haryana Lok Sabha Election Dates 2024: हरियाणा में 25 मई को छठें चरण में होगा मतदान, देखें लोकसभा चुनाव का पूरा शेड्यूल

Haryana Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। पूरे देश के साथ हरियाणा की सभी सीटों पर 25 मई को छठें चरण में चुनाव होने हैं। नतीजे 4 जून को आएंगे। हरियाणा में कुल 10 संसदीय सीट है। पिछले 2 लोकसभा चुनावों से मोदी लहर पर सवार भारतीय जनता पार्टी इस राज्य में एकतरफा चुनाव जीतती आ रही है

अपडेटेड Mar 16, 2024 पर 4:14 PM
Story continues below Advertisement

Haryana Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। पूरे देश के साथ हरियाणा की सभी सीटों पर 25 मई को छठें चरण में चुनाव होने हैं। नतीजे 4 जून को आएंगे। हरियाणा में कुल 10 संसदीय सीट है। पिछले 2 लोकसभा चुनावों से मोदी लहर पर सवार भारतीय जनता पार्टी इस राज्य में एकतरफा चुनाव जीतती आ रही है। हालांकि इस बार इसे विपक्ष से थोड़ी चुनौती मिल सकती है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) ने राज्य में I.N.D.I.A गठबंधन के तहत सभी सीटों पर संयुक्त उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है। इस गठबंधन के तहत कांग्रेस 9 सीटों पर, जबकि आम आदमी पार्टी 1 सीट पर कुरुक्षेत्र से लड़ेगी।

हालांकि बीजेपी भी इस बार काफी मजबूत नजर आ रही है और वह इस चुनाव में NDA गठबंधन के तहत उतरेगी। बीजेपी के साथ गठबंधन में जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) है, जिसके नेता दुष्यंत चौटाला फिलहाल हरियाणा की खट्टर सरकार में उप-मुख्यमंत्री है। पिछली बार बीजेपी ने अकेले चुनाव लड़कर राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल किया था। ऐसे में इस बार जेजेपी का साथ उसे राज्य में और मजूबत कर सकता है। हालांकि इंडिया गठबंधन उसे चुनौती देने की कोशिश में लगा हुआ है।

देश में 7 चरण में होंगे लोकसभा चुनाव

देश भर में लोकसभा चुनाव 7 चरण में होंगे। पहला चरण 19 अप्रैल को होगा। सातवें और आखिरी चरण के लिए 1 जून को मतदान डाले जाएंगे। वोटों की गिनती 4 जून को होगी। देखें पूरा शेड्यूल-


schedule

हरियाणा लोकसभा चुनाव 2024 में छाए रह सकते हैं ये मुद्दे

न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP): मोदी सरकार की ओर से 3 कृषि कानूनों को पेश किए जाने के बाद से ही हरियाणा और पंजाब, किसान आंदोलन का केंद्र बने हुए हैं। तीन कानूनों को वापस लेने के बाद अब किसान MSP को लेकर कानून बनाए जाने की मांग कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान यह मुद्दा काफी छाया रह सकता है। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा, कर्ज माफी और बिजली बिलों की माफी जैसे मुद्दे चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

बेरोजगारी: NSSO के एक आंकड़े के मुताबिक, बेरोजगारी दर के मामले में हरियाणा पूरे देश में दूसरे नबंर पर है। विपक्ष इस बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ लामबंद है। हाल ही में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने सरकार बनने पर अग्निवीर योजना को खत्म कर नियमित भर्ती कराने की बात कही थी। यह वादा युवाओं को ध्यान में रखकर ही किया गया था।

ये मुद्दे भी छाए रहेंगे: इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षा, राज्य में अपराध, स्थानीय विकास, जातिवाद जैसे कई मुद्दे चुनाव में छाए रह सकते हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का नेतृत्व भी चुनाव में एक महत्वपूर्ण मुद्दा होगा।

2019 के लोकसभा चुनाव में क्या रहा था शेड्यूल?

हरियाणा में 2019 लोकसभा चुनाव भी एक चरण में हुआ था। 12 मई 2019 को एक साथ राज्य की सभी 10 सीटों पर चुनाव हुए थे। भारतीय जनता पार्टी ने इस चुनाव में क्लीन स्वीप किया था और सभी 10 सीटों पर कमल का फूल खिलाया था।

हरियाणा की सीटों से मौजूद सांसद

हरियाणा की सभी 10 सीटों पर बीजेपी के सांसद हैं। इसमें अंबाला से रतन लाल कटारिया, कुरुक्षेत्र से नायब सिंह सैनी, सिरसा से सुनीता दुग्गल, हिसार से बिजेंद्र सिंह, करनाल से संजय भाटिया, सोनीपत से रमेश चंदेर कौशिक, रोहतक से अरविंद कुमार शर्मा, भिवानी-महेंद्रगढ़ से धर्मवीर सिंह, गुड़गांव से राव इंद्रजीत सिंह और फरीदाबाद से कृष्ण पाल गुर्जर शामिल हैं।

हरियाणा की लोकसभा सीटें और सांसद

लोकसभा सीट विजेता पार्टी जीत का अंतर
1 अंबाला रतन लाल कटारिया भारतीय जनता पार्टी 3,42,345
2 कुरुक्षेत्र नायब सिंह भारतीय जनता पार्टी 3,84,591
3 सिरसा सुनीता दुग्गल भारतीय जनता पार्टी 3,22,918
4 हिसार बृजेंद्र सिंह भारतीय जनता पार्टी 3,14,068
5 करनाल संजय भाटिया भारतीय जनता पार्टी 6,56,142
6 सोनीपत रमेश चंद्र कौशिक भारतीय जनता पार्टी 1,64,864
7 रोहतक अरविंद कुमार शर्मा भारतीय जनता पार्टी 7,503
8 भिवानी-महेंद्रगढ़ धर्मबीर सिंह भारतीय जनता पार्टी 4,44,463
9 गुडगाँव राव इंद्रजीत सिंह भारतीय जनता पार्टी 3,86,256
10 फरीदाबाद कृष्ण पाल गुर्जर भारतीय जनता पार्टी 6,38,239

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।