Lok Sabha Chunav 2024: राहुल गांधी ने वायनाड से दाखिल किया नामांकन, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

Lok Sabha Chunav 2024: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 2019 के लोकसभा चुनावों में कुल 10,92,197 मतों में से 7,06,367 मत हासिल किए थे, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पीपी सुनीर को केवल 2,74,597 वोट मिले थे। उन्होंने 2019 में इसी सीट से 4 लाख से अधिक मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की थी

अपडेटेड Apr 03, 2024 पर 1:46 PM
Lok Sabha Chunav 2024: केरल में इस साल लोकसभा चुनाव के लिए मतदान 26 अप्रैल को होगा

Lok Sabha Chunav 2024: कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने बुधवार (3 अप्रैल) को केरल के वायनाड (Wayanad) लोकसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एक बार फिर वायनाड लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं। उन्होंने बुधवार को वायनाड से दूसरी बार नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता मजूद थे। पर्चा भरने से पहले राहुल ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में एक रोड शो भी किया, जहां उन्होंने 2019 के आम चुनावों में 4 लाख से अधिक मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की थी।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 2019 के लोकसभा चुनावों में कुल 10,92,197 मतों में से 7,06,367 मत हासिल किए थे। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पी पी सुनीर को केवल 2,74,597 वोट मिले थे। केरल में इस साल लोकसभा चुनाव के लिए मतदान 26 अप्रैल को होगा।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत


अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए वायनाड पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी का स्वागत करने के लिए संयुक्त लोकतंत्रिक मोर्चा (UDF) के नेताओं और कार्यकर्ताओं समेत हजारों लोग कलपेट्टा में एकत्र हुए। राहुल अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ बुधवार सुबह करीब पौने 11 बजे हेलीकॉप्टर से कन्नूर पहुंचे। यहां के एक गांव मुप्पैनाद में हेलीपैड पर सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया।

वहां से वह अपने रोड शो के शुरुआती बिंदु कलपेट्टा के नए बस अड्डे तक सड़क मार्ग से गए। UDF के सैकड़ों कार्यकर्ता रोड शो के लिए कतार में खड़े थे और विभिन्न आयु वर्गों के लोग कांग्रेस सांसद की तस्वीर के साथ पार्टी के झंडे, तख्तियां और पार्टी के रंग वाले गुब्बारे लेकर राहुल का स्वागत करने के लिए सड़कों के किनारे एकत्र हुए। प्रियंका और केरल में पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ राहुल खुले ट्रक के ऊपर खड़े हुए और रोड शो सिविल स्टेशन इलाके की ओर बढ़ा।

अपने वाहन पर खड़े राहुल ने सड़क के दोनों ओर एकत्र होकर 'जय जय राहुल गांधी' के नारे लगा रहे हजारों लोगों की ओर हाथ हिलाकर उनका अभिनंदन किया। सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक वाहन के आगे, उसके साथ और पीछे चल रहे थे।

इस दौरान राहुल के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी के अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) महासचिव के सी वेणुगोपाल एवं दीपा दास, एआईसीसी की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के प्रभारी कन्हैया कुमार, राज्य विधानसभा में विपक्ष के वी डी सतीशन एवं केपीसीसी (केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी) के कार्यकारी अध्यक्ष एम एम हसन भी शामिल थे।

ये भी पढ़ें- बिहार के पूर्व डिप्टी CM सुशील कुमार मोदी को हुआ कैंसर, नहीं लड़ेंगे लोकसभा चुनाव

राहुल वायनाड लोकसभा क्षेत्र से BJP की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के. सुरेंद्रन और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) की नेता एनी राजा के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने 2019 में इसी सीट से चार लाख से अधिक मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।