Lok Sabha Elections 2024: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार (16 अप्रैल) को लोकसभा चुनाव 2024 के लिए सात उम्मीदवारों की अपनी 12वीं लिस्ट जारी की। बीजेपी ने कोलकाता की चर्चित डायमंड हार्बर सीट से अभिजीत दास (बॉबी) को चुनावी मैदान में उतारा है। इस सीट से बंगाल में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता और सीएम ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) चुनाव लड़ रहे हैं।
इस लिस्ट में उत्तर प्रदेश के चर्चित देवरिया लोकसभा सीट से शशांक मणि त्रिपाठी (Shashank Mani Tripathi from Deoria) तो वहीं फरिजोबादा से ठाकुर विश्वदीप सिंह को टिकट दिया गया है। देवरिया से मौजूदा सांसद और यूपी बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी का टिकट कट गया है।
महाराष्ट्र के सतारा से छत्रपति उदयनराज भौंसले को टिकट दिया गया है। केंद्र में 10 साल से सत्ताधारी बीजेपी ने पंजाब के लिए 3 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है। जबकि उत्तर प्रदेश के लिए 2 सीट की घोषणा की। वहीं, पश्चिम बंगाल से 1 सीट की घोषणा की गई।
देखें, किसे कहां से मिला टिकट?
सतारा- छत्रपति उदय नराजे भोंसले
खडूर साहिब- मंजीत सिंह मन्ना मियाविंड
होशियारपुर-अनीता सोम प्रकाश
बठिंडा- परमपाल कौर सिद्धू, आईएएस
फिरोजाबाद- ठाकुर विश्वदीप सिंह
देवरिया- शशांक मणि त्रिपाठी
डायमंड हार्बर - अभिजीत दास
2019 के लोकसभा चुनाव में यूपी में BSP ने समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। सपा-बसपा-रालोद गठबंधन की चुनौती को दरकिनार करते हुए बीजेपी ने 62 सीटें और उसकी सहयोगी अपना दल (एस) ने दो सीटें जीती थीं।
हालांकि, इस गठबंधन में बीएसपी को सबसे ज्यादा फायदा हुआ क्योंकि उसके 10 उम्मीदवार विजयी रहे थे। अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी (सपा) ने 5 सीटें जीती थीं, जबकि रालोद चुनाव में अपना खाता नहीं खोल सकी थी। कांग्रेस ने एकमात्र रायबरेली सीट जीती थी, जहां से सोनिया गांधी ने चुनाव लड़ा था।
4 विधानसभा उपचुनाव के लिए भी प्रत्याशियों की घोषणा
भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के साथ उत्तर प्रदेश के चार विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनाव के लिए मंगलवार को अपने चार उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। पार्टी के दिल्ली कार्यालय द्वारा जारी लिस्ट के मुताबिक ददरौल विधानसभा क्षेत्र से अरविंद सिंह, लखनऊ पूर्व सीट से ओपी श्रीवास्तव, गैसड़ी से शैलेंद्र सिंह शैलू तथा दुद्धी (आरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से श्रवण गौड़ को उम्मीदवार बनाया गया है।
पार्टी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार लखनऊ पूर्व सीट से प्रत्याशी बनाए गए ओपी श्रीवास्तव स्थानीय बीजेपी संगठन के पदाधिकारी हैं। इस उपचुनाव में दिवंगत विधायक आशुतोष टंडन के परिवार से किसी को मौका नहीं मिला है। ददरौल विधानसभा सीट से विधायक मानवेंद्र सिंह (जिनके निधन के कारण उपचुनाव हो रहा है) के बेटे अरविंद सिंह को पार्टी ने इस उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया है।
दुद्धी (आरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाए गए श्रवण गौड़ पार्टी के जनजाति मोर्चा के पदाधिकारी और पुराने पार्टी कार्यकर्ता हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से पहले मिली जानकारी के मुताबिक ददरौल विधानसभा सीट पर उपचुनाव चतुर्थ चरण में 13 मई को होगा। लखनऊ पूर्व विधानसभा सीट पर उपचुनाव पांचवे चरण में 20 मई, गैसड़ी में छठे चरण में 25 मई और दुद्धी में सातवें चरण में एक जून को मतदान होगा। मतगणना चार जून को होगी।