Lok Sabha Elections 2024: बिहार NDA में सीट बंटवारे का ऐलान, BJP 17, JDU 16 और 5 सीटों पर लड़ेगी LJP

Lok Sabha Elections 2024: पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी की पार्टी हम को 1 सीटें तथा उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोकमोर्चा को 1 सीट दी गई है। LJP रामविलास के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने सीट शेयरिंक के ऐलान के बाद सोमवार को बताया, "LJP रामविलास को बिहार में 5 सीट मिली है। मैं इसके लिए सभी का धन्यावाद देता हूं।"

अपडेटेड Mar 18, 2024 पर 6:00 PM
Lok Sabha Elections 2024: पशुपति पारस को एक भी सीट नहीं दी गई है

Lok Sabha Elections 2024: बिहार में लोकसभा चुनाव 2024 के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शीट शेयरिंग का बंटवारा हो गया है। आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) बिहार में 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जनता दल यूनाइटेड (JDU) 16 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सोमवार (18 मार्च) को सीट बंटवारे की आधिकारिक घोषणा की गई। लोकसभा चुनाव में चिराग पासवान की अगुवाई वाली LJP यानी लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) बिहार में 5 सीटों पर आम चुनाव लड़ेगी।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी की पार्टी हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा 'हम' को 1 सीटें तथा उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोकमोर्चा को 1 सीट दी गई है। LJP रामविलास के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने सीट शेयरिंक के ऐलान के बाद सोमवार को बताया, "...LJP रामविलास को बिहार में 5 सीट मिली है। मैं इसके लिए सभी का धन्यावाद देता हूं। मैं विश्वास दिलाता हूं निश्चित रूप से हम बिहार में 40 सीट जीतेंगे।"

BJP महासचिव विनोद तावड़े ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बिहार के लिए NDA के सीट बंटवारा समझौते के तहत हाजीपुर लोकसभा सीट चिराग पासवान की पार्टी को दी गई है। BJP महासचिव और पार्टी के बिहार मामलों के प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि बिहार में भारतीय जनता पार्टी 17 लोकसभा सीट और जद (यू) 16 सीट, उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा एक सीट तथा जीतन राम मांझी की पार्टी HAM एक सीट पर चुनाव लड़ेगी।


किस सीट पर कौन लड़ेगा?

पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, औरंगाबाद, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, महाराजगंज, सारण, बेगुसराय, नवादा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर और सासाराम उन प्रमुख सीटों में से हैं जहां बीजेपी अपने उम्मीदवार उतारेगी।

उन्होंने कहा कि वाल्मीकिनगर, सीतामढ़ी, झंझारपुर, सुपौल, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, गोपालगंज, सीवान, भागलपुर, बांका, मुंगेर, नालंदा, जहानाबाद और शिवहर से JDU के उम्मीदवार मैदान में होंगे।

तावड़े ने कहा कि LJP (रामविलास) के हिस्से वैशाली, हाजीपुर, समस्तीपुर, खगड़िया और जमुई की सीट गई है, जबकि गया से HUM और काराकाट से राष्ट्रीय लोक मोर्चा का प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा।

बिहार में 7 चरणों में होगा मतदान

बिहार की 40 लोकसभा सीट पर कुल सात चरणों में मतदान होगा। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक, लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से एक जून के बीच सात चरणों में होंगे। मतगणना 4 जून को होगी।

लोकसभा चुनाव 2019 में 'मोदी की सुनामी' में BJP, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की JDU और दिवंगत राम विलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) को संयुक्त रूप से 39 सीट पर जीत मिली थी। राज्य में NDA का मत प्रतिशत 53 से अधिक था, जो विपक्षी 'महागठबंधन' को मिले मतों से लगभग 20 प्रतिशत ज्यादा था।

रामविलास पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी 2020 में उनके निधन के बाद दो हिस्सों में बंट गई। उनके भाई पशुपति पारस राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) और उनके बेटे चिराग पासवान लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का नेतृत्व करते हैं। दोनों BJP के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का हिस्सा हैं।

पशुपति पारस की धमकी नहीं आई काम

राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने शुक्रवार को कहा था कि वह हाजीपुर सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि उनकी पार्टी के अन्य सांसद उन सीट से चुनाव लड़ेंगे, जहां से वे 2019 के लोकसभा चुनाव में विजयी हुए थे।

BJP पर उनकी पार्टी के साथ न्याय नहीं करने का आरोप लगाते हुए पारस ने संकेत दिया था कि वह राजग से बाहर निकल सकते हैं। उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी कहीं भी जाने को 'स्वतंत्र' हैं और उनके 'दरवाजे खुले हुए हैं'।

ये भी पढ़ें- Lok Sabha Election Date: लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से 1 जून के बीच होंगे, 4 जून को आएंगे नतीजे, जानें वोटिंग डेट और फेज सहित सभी डिटेल्स

उन्होंने कहा था कि वह बिहार में NDA उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करेंगे और उसके बाद भावी कदम के संबंध में कोई निर्णय लेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।