Lok Sabha Election Date: लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से 1 जून के बीच होंगे, 4 जून को आएंगे नतीजे, जानें वोटिंग डेट और फेज सहित सभी डिटेल्स

Lok Sabha Election Date 2024: साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भी 11 अप्रैल से 19 मई के बीच 7 चरणों में मतदान हुआ था। चुनाव परिणाम 23 मई को घोषित किए गए थे। साल 2019 के चुनाव नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 303, कांग्रेस ने 52, तृणमूल कांग्रेस ने 22, बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने 10, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने 5, CPI ने 3 और भाकपा ने दो सीट जीती थीं

अपडेटेड Mar 18, 2024 पर 5:09 PM
Lok Sabha Election Date 2024: लोकसभा चुनाव 7 चरणों में होंगे और सभी सीटों के लिए मतों की गिनती 4 जून को होगी

Lok Sabha Election Date 2024: निर्वाचन आयोग (ECI) ने 16 मार्च को देश के अगले आम चुनावों की घोषणा कर दी जो 19 अप्रैल को शुरू होकर 7 चरणों में समाप्त होंगे। जबकि देश भर में नतीजे एक साथ 4 जून को घोषित किए जाएंगे। यह दुनिया की सबसे बड़ी चुनावी प्रक्रिया होगी। इस चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार सत्ता में आने का प्रयास करेंगे, वहीं विपक्षी दल उनका विजय रथ रोकने के लिए पूरा दमखम लगाएंगे।

मतदाताओं की संख्या

कुल 97 करोड़ से अधिक वोटर्स 44 दिन में 10.5 लाख मतदान केंद्रों पर अपना वोट डालकर लोकतंत्र के इस महापर्व में शामिल हो सकेंगे। इनमें 49.7 करोड़ पुरुष, 47.1 करोड़ महिलाएं और 48 हजार ट्रांसजेंडर शामिल हैं।


कितने चरण में होंगे मतदान? (Lok Sabha Elections 2024 Phase Wise Schedule)

चुनाव आयोग ने बताया कि मतदान 19 अप्रैल से शुरू होगा और परिणाम 4 जून 2024 को घोषित किया जाएगा। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) राजीव कुमार (Rajiv Kumar) ने कहा कि 17वीं लोकसभा विधानसभा का कार्यकाल 16 जून 2024 को समाप्त होगा। लोकसभा चुनाव कुल 7 चरणों में होंगे। चुनाव 19 अप्रैल से शुरू होंगे। उसके बाद 26 अप्रैल, 7 मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को मतदान होंगे। चुनाव की घोषणा से लेकर 4 जून को परिणाम घोषित होने तक की पूरी चुनाव प्रक्रिया 82 दिनों की होगी।

POLLS_2024_

पहले चरण में कहां डाले जाएंगे वोट?

पहले चरण में 19 अप्रैल को 21 राज्यों की 102 सीटों के लिए चुनाव होगा। पहले चरण में जिन राज्यों में वोट डाले जाएंगे उनमें अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, राजस्थान, सिक्किम, तमिलनाडु, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, जम्मू और कश्मीर, लक्षद्वीप और पुडुचेरी शामिल है।

दूसरा चरण

दूसरे चरण में कुल 13 राज्यों की 89 सीटों के लिए चुनाव होगा। 26 अप्रैल को जिन राज्यों में वोट डाले जाएंगे उनमें असम, बिहार, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, राजस्थान, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और जम्मू और कश्मीर शामिल है।

POLLS_1

तीसरा चरण

तीसरे चरण में कुल 12 राज्यों की 94 सीटों के लिए चुनाव होगा। 7 मई को जिन राज्यों में मतदान होंगे उनमें असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव, जम्मू और कश्मीर जैसे राज्य शामिल हैं।

चौथा चरण

चौथे चरण में 10 राज्यों की 96 सीटों के लिए चुनाव होगा। 13 मई को जिन राज्यों में वोट डाले जाएंगे उनमें आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और जम्मू और कश्मीर शामिल हैं।

पांचवां चरण

पांचवे चरण में 8 राज्यों की 49 सीटों के लिए चुनाव होगा। 20 मई को जिन राज्यों में वोट डाले जाएंगे उनमें बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, जम्मू और कश्मीर एवं लद्दाख शामिल हैं।

POLLS_2

छठा चरण

छठे चरण में 7 राज्यों की कुल 57 सीटों के लिए चुनाव होगा। 25 मई को जिन राज्यों में वोट डाले जाएंगे उनमें बिहार, हरियाणा, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली शामिल है।

सातवां चरण

सातवें चरण में 8 राज्यों की 57 सीटों के लिए चुनाव होगा। 1 जून को जिन राज्यों में वोट डाले जाएंगे उनमें बिहार, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और चंडीगढ़ शामिल है।

विधानसभा चुनाव 2024 का शेड्यूल (Assembly elections 2024 Date)

चुनाव आयोग ने शनिवार को घोषणा की कि इस साल लोकसभा चुनाव के साथ चार राज्यों में विधानसभा चुनाव होंगे। अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में विधानसभा चुनाव 19 अप्रैल को और आंध्र प्रदेश में 13 मई को होंगे। ओडिशा विधानसभा के चुनाव 4 चरणों में 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को होंगे। सिक्किम में 32 सीटें, अरुणाचल प्रदेश में 60 सीटें, आंध्र प्रदेश में 175 सीटें और ओडिशा में 147 विधानसभा क्षेत्र हैं।

उपचुनाव

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने दो नए निर्वाचन आयुक्तों ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू के साथ बताया कि 26 विधानसभा क्षेत्रों के लिए उपचुनाव भी होंगे। ये चुनाव भी आम चुनावों के साथ होंगे। बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में सभी 7 चरणों में मतदान होगा।

विधानसभा चुनाव के रिजल्ट

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा था कि नतीजे 4 जून 2024 को घोषित किए जाएंगे। लेकिन चुनाव आयोग ने बाद में अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम विधानसभा चुनावों की मतगणना की तारीख को बदलकर 2 जून 2024 करने की घोषणा की है। दोनों राज्यों की विधानसभा का कार्यकाल 2 जून को ही समाप्त हो रहा है।

ऐसे में मतगणना भी 2 जून तक पूरी करना अनिवार्य है। इससे पहले 16 मार्च को चुनाव आयोग ने कहा था कि मतगणना 4 जून को होगी। इसके अलावा ओडिशा और आंध्र दोनों राज्यों में लोकसभा चुनावों को लेकर कोई बदलाव नहीं किया गया है। अरुणाचल और सिक्किम को छोड़कर सभी राज्यों में मतगणना लोकसभा चुनावों की काउंटिंग के साथ 4 जून को होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।