Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, छठे चरण में इन 7 राज्यों में डाले जाएंगे वोट

Lok Sabha Election Schedule 2024: देश में छठे चरण के लिए वोटिंग 25 मई को कराई जाएगी। इसके लिए नोटिफिकेशन 29 अप्रैल को जारी किया जाएगा। जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 मई है। छठे चरण के तहत देश के 7 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चुनाव कराए जाएंगे जिसमें 57 लोकसभा सीटें आएंगी

अपडेटेड Mar 16, 2024 पर 7:35 PM
Lok Sabha Elections 2024 schedule: सात चरण में होंगे लोकसभा चुनाव, 4 जून को आएंगे नतीजे

Lok Sabha Elections 2024 schedule: निर्वाचन आयोग ने शनिवार को लोकसभा चुनाव 2024 के तारीखों की घोषणा कर दी। इस बार चुनाव 19 अप्रैल से 1 जून के बीच सात चरणों में होंगे और मतगणना 4 जून को होगी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि 18वीं लोकसभा के गठन के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही देश में आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। इसके साथ ही सरकार ऐसा कोई नीतिगत फैसला नहीं कर सकेगी, जो मतदाताओं के फैसले को प्रभावित कर सके।

कुमार ने बताया कि देश में छठे चरण के लिए वोटिंग 25 मई को कराई जाएगी। इसके लिए नोटिफिकेशन 29 अप्रैल को जारी किया जाएगा। जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 मई है। छठे चरण के तहत देश के 7 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चुनाव कराए जाएंगे जिसमें 57 लोकसभा सीटें आएंगी। छठे चरण में 25 मई को बिहार, हरियाणा, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और दिल्ली में वोट डाले जाएंगे। छठे चरण के तहत सबसे अधिक सीटों पर चुनाव उत्तर प्रदेश में होंगे।

उत्तर प्रदेश की 14 सीटों के अलावा हरियाणा में 10 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इसके साथ बिहार और पश्चिम बंगाल में 8-8 लोकसभा सीटों पर चुनाव होंगे। जबकि 25 मई को दिल्ली में सभी 7 सीटों पर इसी चरण में मतदान होंगे। इसके अलावा ओडिशा की 6 सीटों और झारखंड की 4 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इस चरण के दौरान बंगाल के 8 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।


मतदाताओं की संख्या

राजीव कुमार ने बताया कि लोकसभा चुनाव 2024 में कुल 97 करोड़ रिजस्टर्ड मतदाता हैं। इनमें से 49.7 करोड़ पुरुष, 47.1 करोड़ महिलाएं और 48 हजार ट्रांसजेंडर शामिल हैं। साल 2019 के चुनाव में मतदाताओं की कुल संख्या 90 करोड़ थी।

उन्होंने बताया कि ऐसे मतदाताओं की संख्या 1.8 करोड़ है, जो पहली बार मतदान करेंगे और मतदाता सूची में 85 साल से अधिक उम्र के 82 लाख और सौ साल से अधिक उम्र के 2.18 लाख मतदाता शामिल हैं।

कुमार ने बताया कि देशभर में मतदाता लिंगानुपात 948 है और 12 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में पुरुष मतदाताओं की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। उन्होंने कहा कि देश में 10.5 लाख से अधिक मतदान केंद्र होंगे और 55 लाख इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) का इस्तेमाल होगा। उन्होंने कहा कि आयोग हिंसामुक्त चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

10.5 लाख मतदान केंद्र स्थापित

लोकसभा चुनाव की घोषणा के लिए आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कुमार ने कहा कि चुनाव अधिकारी देशभर में 10.5 लाख मतदान केंद्र स्थापित करने की तैयारी कर रहे हैं। दो नए निर्वाचन आयुक्तों ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू के साथ मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, "हम पूरी तरह तैयार हैं और मैं मतदाताओं से अनुरोध करता हूं कि वे स्याही (मतदान वाली) लगवाएं।"

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग राष्ट्रीय चुनाव इस तरह से कराने का वादा करता है कि वैश्विक मंच पर भारत का गौरव बढ़े। कुमार ने कहा कि आयोग ने 17 लोकसभा, 16 राष्ट्रपति चुनाव और 400 से अधिक विधानसभा चुनाव कराए हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले 11 राज्यों के चुनाव शांतिपूर्ण और हिंसामुक्त रहे और लगभग एक भी सीट पर दोबारा चुनाव नहीं हुआ। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भी सात चरणों में मतदान हुआ था।

ये भी पढ़ें- North East Lok Sabha Elections Dates 2024: पूर्वोत्तर राज्यों में कब होंगे लोकसभा चुनाव, यहां जानें पूरा शेड्यूल

उस चुनाव में कुल 91.2 करोड़ योग्य मतदाता थे, जिनमें लगभग 43.8 करोड़ महिला मतदाता और लगभग 47.3 करोड़ पुरुष मतदाता थे। कुल लगभग 61.5 करोड़ वोट डाले गए थे और 67.4 प्रतिशत मतदान हुआ था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।