Credit Cards

Lok Sabha Elections 2024: उद्धव की शिवसेना ने 17 प्रत्याशियों की जारी की पहली लिस्ट, MVA से अलग हुए प्रकाश आंबेडकर

Lok Sabha Elections 2024: शिवसेना ने नरेंद्र खेडेकर को बुलढाणा से, संजय देशमुख को यवतमाल-वाशिम से, संजय वाकचौरे-पाटिल को मावल से, राजाभाऊ वाजे को नासिक से, भाऊसाहेब वाकचौरे को शिरडी से और नागेश पाटिल अष्टिकर को हिंगोली से अपना उम्मीदवार बनाया है

अपडेटेड Mar 27, 2024 पर 12:54 PM
Story continues below Advertisement
Lok Sabha Elections 2024: महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन में अब फूट पड़ती नजर आ रही है

Lok Sabha Elections 2024: उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (Uddhav Thackeray’s Shiv Sena) ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए बुधवार (27 मार्च) को 17 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी। इस लिस्ट में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनंत गीते को रायगढ़ और अरविंद सावंत को दक्षिण मुंबई लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किया गया है। पार्टी ने सभी पांचों निवर्तमान सांसदों को फिर से मैदान में उतारा है जो 2022 में संगठन के विभाजन के बाद पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे के साथ थे। इन सांसदों में अरविंद सावंत (दक्षिण मुंबई), राजन विचारे (ठाणे), विनायक राउत (रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग), ओमराजे निंबालकर (धाराशिव) और संजय जाधव (परभणी) हैं।

महाराष्ट्र में सत्ता-साझेदारी समझौते को लेकर अविभाजित शिवसेना के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से अलग होने के बाद सावंत ने केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। विचारे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गृह क्षेत्र ठाणे का प्रतिनिधित्व करते हैं। शिंदे के विद्रोह के कारण, 1966 में बाल ठाकरे द्वारा स्थापित की गई शिवसेना का विभाजन हो गया था।

शिवसेना (UBT) ने छत्रपति संभाजीनगर से पार्टी के दिग्गज नेता चंद्रकांत खैरे को मैदान में उतारा है। खैरे 2019 में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के उम्मीदवार इम्तियाज जलील से हार गए थे।


संजय पाटिल प्रत्याशी घोषित

पार्टी ने मुंबई उत्तर-पूर्व से निवर्तमान सांसद संजय पाटिल को प्रत्याशी घोषित किया है। पाटिल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के विधायक भी रह चुके हैं लेकिन वह बाद में शिवसेना में शामिल हो गए थे। मुंबई उत्तर-पश्चिम से पार्टी ने शिवसेना सांसद गजानन कीर्तिकर के बेटे अमोल कीर्तिकर को उम्मीदवार बनाया। गजानन मुख्यमंत्री शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना से हैं। पार्टी ने अभी तक मुंबई दक्षिण-मध्य सीट के लिए उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। इस सीट पर चुनाव लड़ने के लिए शिवसेना और उसकी सहयोगी कांग्रेस दोनों ही इच्छुक हैं।

अन्य प्रमुख प्रत्याशियों के नाम

शिवसेना ने नरेंद्र खेडेकर को बुलढाणा से, संजय देशमुख को यवतमाल-वाशिम से, संजय वाकचौरे-पाटिल को मावल से, राजाभाऊ वाजे को नासिक से, भाऊसाहेब वाकचौरे को शिरडी से और नागेश पाटिल अष्टिकर को हिंगोली से अपना उम्मीदवार बनाया है। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना राज्य में महा विकास आघाडी (NVA) का घटक दल है। MVA के एक अन्य घटक दल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने लोकसभा चुनाव के लिए अभी तक राज्य में अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

गठबंधन के तीसरे घटक दल कांग्रेस ने कुछ ही सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। यह वह सीटें हैं जहां गठबंधन सहयोगियों के बीच कोई विवाद नहीं है। महाराष्ट्र में लोकसभा की कुल 48 सीट हैं। 80 सीटों वाले उत्तर प्रदेश के बाद सबसे ज्यादा लोकसभा सीट वाला राज्य महाराष्ट्र ही है। राज्य में 19 अप्रैल से पांच चरणों में मतदान होगा।

ये भी पढ़ें- Lok Sabha Elections: 3 राज्यों के लिए BJP के स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी, पीएम मोदी-शाह और योगी सहित ये नाम शामिल

MVA से अलग हुए प्रकाश आंबेडकर

महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन में अब फूट पड़ती नजर आ रही है। शिवसेना के साथ ही वंचित बहुजन आघाडी (VBA) के प्रमुख प्रकाश आंबेडकर (Prakash Ambedkar) ने भी लोकसभा चुनाव में 9 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। प्रकाश आंबेडकर खुद अकोला सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। आंबेडकर के नेतृत्व वाली वंचित बहुजन आघाडी ने महा विकास आघाडी (MVA) से गठबंधन तोड़ लिया है। बताया जा रहा है कि महा विकास अघाडी (MVA) में प्रकाश आंबेडकर को सिर्फ एक सीट मिल रही थी, जिसे लेकर वह नाराज थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।