Lok Sabha Elections 2024: आम आदमी पार्टी (AAP) ने कहा है कि वह 2024 के लोकसभा चुनाव में दिल्ली में 6 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है और कांग्रेस को सिर्फ एक सीट देने की इच्छुक है। पार्टी ने दावा किया विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. में उसकी वरिष्ठ सहयोगी कांग्रेस राष्ट्रीय राजधानी में पिछले चुनावों में अपने प्रदर्शन को देखते हुए एक सीट की भी हकदार नहीं है। आम आदमी पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) संदीप पाठक ने कहा कि वे दिल्ली के लिए सीट बंटवारे पर बातचीत फिर से शुरू होने के वास्ते एक महीने से अधिक समय से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन कोई संवाद नहीं हुआ है।
कांग्रेस दिल्ली की सभी 7 सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ सकती है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस का कहना है कि हमने भी सभी सातों सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रखी है। अन्य पार्टियों की तुलना में भी कांग्रेस राजधानी में बेहतर स्थिति में है। इन सभी लोकसभा क्षेत्रों में कांग्रेस ने बैठकें और रैलियां की हैं। हालांकि, आखिरी फैसला कांग्रेस हाईकमान करेगा। दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि जहां तक दिल्ली में कांग्रेस की बात है तो पिछले चुनाव में भी हमारी पार्टी ने किसी भी अन्य पार्टी से बेहतर प्रदर्शन किया था।
उन्होंने कहा कि हम 2019 में 5 सीटों पर दूसरे नंबर पर थे। इस बार भी यहां तीन राजनीतिक पार्टियां हैं। इनमें से सिर्फ कांग्रेस पार्टी ने पिछले तीन महीनों में सभी 7 लोकसभा सीटों के इलाकों में अपने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की है। जबकि 5 लोकसभा क्षेत्रों में बड़ी सार्वजनिक रैलियां की हैं। अन्य पार्टियों की तुलना में कांग्रेस बेहतर स्थिति में तैयार है।
लवली ने इंडिया टुडे से बातचीत में आगे कहा कि I.N.D.I.A. ब्लॉक में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी है. देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस सभी छोटी पार्टियों को साथ लेकर आगे बढ़ना चाहती है। हमारे कार्यकर्ता सभी 7 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। हालांकि पार्टी आलाकमान और I.N.D.I.A. अलायंस जो भी तय करेगी, दिल्ली कांग्रेस यूनिट उसके अनुरूप काम करेगी।
संदीप पाठक ने कहा, "8 जनवरी और 12 जनवरी को कांग्रेस और आप के बीच दो आधिकारिक बैठकें हुईं। बातचीत अच्छे माहौल में हुई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।" उन्होंने कहा, "इन दो आधिकारिक बैठकों के बाद, पिछले एक महीने में कोई बैठक नहीं हुई है। हमें बताया गया कि कांग्रेस पार्टी की (भारत जोड़ो न्याय) यात्रा चल रही है और इसमें (बैठक में) कुछ देर होगी।" AAP और कांग्रेस ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वे 2024 के लोकसभा चुनाव पंजाब में अकेले लड़ेगी, क्योंकि उनके प्रदेश के नेता वहां गठबंधन के पक्ष में नहीं हैं।
AAP की ओर से सीट बंटवारे के प्रस्ताव की घोषणा करते हुए पाठक ने कहा कि उनकी दिल्ली की सात में से 6 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने और एक कांग्रेस को देने की योजना है। उन्होंने कहा कि अगर बातचीत नहीं हुई तो आप अगले कुछ दिनों में दिल्ली के लिए 6 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर देगी। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों में AAP को 18.1 प्रतिशत वोट मिले थे और उसने तीसरा स्थान हासिल किया था। जबकि कांग्रेस को 22.5 प्रतिशत वोट मिले थे और 7 लोकसभा सीटों में से पांच पर दूसरे स्थान पर थी। BJP को 56.5 फीसदी वोट मिले थे।