Lok Sabha Elections 2024: छह बार के सांसद रह चुके बीजेपी के नेता अनंत कुमार हेगड़े का पत्ता साफ हो गया है। उन्होंने 10 मार्च को कहा था कि अगर NDA को 400 सीटें मिलती हैं तो संविधान को बदल दिया जाएगा। इसके बाद पार्टी ने उनके बयान से किनारा कर लिया था। अब उन्हें इस बार के लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं दिया है। इस मामले में कहा जा रहा है कि पार्टी ने एक बार फिर ये संदेश दिया है कि जो नेता बिना सोचे-समझे बयानबाजी कर शीर्ष नेतृत्व को मुश्किल में डालते हैं। वो भविष्य के अपने चुनावी अवसरों को ही खतरे में डाल रहे हैं।
इस दौरान वो लगातार 4 बार भी जीते हैं। पार्टी ने इस बार ऐसे कई बड़बोले नेताओं के टिकट काट दिए हैं। इनमें साध्वी प्रज्ञा ठाकुर भी शामिल हैं। इसलिए बीजेपी की ओर से सभी बड़बोले नेताओं के लिए यह स्पष्ट संदेश है। अनंत कुमार हेगड़े ने पिछले 28 सालों में भाजपा सांसद के तौर पर 6 बार उत्तर कन्नड़ लोकसभा सीट से जीत हासिल की है।
अनंत हेगड़े दे चुके हैं कई बार विवादित बयान
अनंत हेगड़े कई बार विवादित बयान दे चुके हैं। जिससे पार्टी के बड़े नेताओं को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। हेगड़े ने कहा कि संविधान में संशोधन करना होगा। इसकी वजह ये है कि कांग्रेस के लोगों ने कुछ अनावश्यक बदलाव करके इसे मौलिक रूप से बदल दिया है। खासकर हिंदू समुदाय से जुड़े कानून। अगर यह सब बदलना है तो यह दो-तिहाई बहुमत के बिना नहीं किया जा सकता है। ऐसे में अगर NDA को 400 से ज्यादा सीटें मिलेंगी तो यह बदलाव किया जा सकता है।
वहीं हेगड़े ने ये भी कहा था कि जैसे बाबरी मस्जिद को ध्वस्त किया गया था। वैसे ही चिन्नदा पल्ली मस्जिद को ध्वस्त कर दिया जाएगा। मीडिया इसे धमकी के रूप में लिख सकता है, लेकिन हमें इसकी परवाह नहीं है। हम ये करेंगे। ये हेगड़े का फैसला नहीं है बल्कि हिंदू समाज का फैसला है।
अन्य बड़बोले नेताओं के भी कटे टिकट
हेगड़े के अलावा प्रज्ञा सिंह ठाकुर, दिल्ली के सांसद रमेश विधूड़ी, प्रवेश साहिब सिंह वर्मा जैसे बड़बोले नेताओं के भी टिकट काट दिए गए हैं। इस बार अनंत कुमार हेगड़े की जगह 6 बार के विधायक और कर्नाटक विधानसभा के पूर्व स्पीकर विश्वेसर हेगड़े को टिकट दिया गया है।