Lok Sabha Elections: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) के मद्देनजर शनिवार को 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए चुनाव प्रभारी नियुक्त किए। पार्टी के एक बयान के अनुसार, बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को बिहार का चुनाव प्रभारी बनाया गया है, जबकि बीजेपी के राज्यसभा सदस्य और झारखंड इकाई के पूर्व अध्यक्ष दीपक प्रकाश सह-प्रभारी होंगे। तावड़े बिहार में BJP के राजनीतिक मामलों के प्रभारी हैं।
BJP ने उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा को उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम को उत्तराखंड का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। बयान में कहा गया है कि बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य लक्ष्मीकांत बाजपेयी झारखंड के चुनाव प्रभारी होंगे।
इसमें कहा गया है कि आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नियुक्तियां की हैं। BJP के राज्यसभा सदस्य और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को हरियाणा का चुनाव प्रभारी बनाया गया है, जबकि बीजेपी नेता सुरेंद्र नागर सह प्रभारी होंगे।
बिहार के पूर्व मंत्री और पश्चिम बंगाल में बीजेपी के प्रभारी मंगल पांडे को राज्य का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। बीजेपी नेता अमित मालवीय और आशा लाकड़ा सह प्रभारी होंगे।
नड्डा ने उत्तर प्रदेश के विधान परिषद सदस्य और राज्य के पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह को मध्य प्रदेश के लिए बीजेपी का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है, जबकि सतीश उपाध्याय सह प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब के बीजेपी प्रभारी विजय रूपाणी को राज्य का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव नरिंदर सिंह को राज्य में चुनाव के लिए सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
BJP ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री श्रीकांत शर्मा को हिमाचल प्रदेश का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है, जबकि संजय टंडन सह प्रभारी होंगे।