Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए 'मिशन 400' की तैयारी में जुटी भारतीय जनता पार्टी (BJP) एक और गठबंधन पर मुहर लगाने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस बार गठबंधन आंध्र प्रदेश में होने की संभावना है। सूत्रों ने News18 को बताया कि तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू गुरुवार देर शाम दिल्ली पहुंच रहे हैं, जबकि जनसेना पार्टी प्रमुख और अभिनेता से नेता बने पवन कल्याण के भी राष्ट्रीय राजधानी में होने की संभावना है। बीजेपी, टीडीपी और जनसेना के बीच आंध्र प्रदेश में गठबंधन को लेकर गुरुवार देर रात बैठक आयोजित करने की उम्मीद है।
सूत्रों ने बताया कि बीजेपी ने आंध्र से विधानसभा में 30 सीटें और लोकसभा में 7 सीटें मांगी हैं, जिनमें पवन कल्याण के लिए एक या दो सीटें शामिल हैं। बीजेपी आक्रामक तरीके से दक्षिण में पैठ बनाने की कोशिश कर रही है, जहां कर्नाटक को छोड़कर भगवा पार्टी की मौजूदगी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है।
पांच दक्षिणी राज्यों तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तेलंगाना और केंद्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप की 127 सीटों में से बीजेपी 2019 के लोकसभा चुनावों में केवल 29 सीटें जीत सकी। इनमें से 25 कर्नाटक से और 4 तेलंगाना से आए थे। पार्टी को 2019 में तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में कोई सीट नहीं मिली।
दक्षिण भारत पर फोकस कर रही बीजेपी
मिंट की एक रिपोर्ट में उसके सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि बीजेपी का मुख्य फोकस दक्षिण भारत की 84 सीटों पर होगा, जिन्हें 'कमजोर' कैटेगरी की सीटें घोषित की गई हैं, जिन पर पार्टी कभी नहीं जीती है। रिपोर्ट में विश्लेषकों के हवाले से यह भी कहा गया है कि अगर पार्टी को बीजेपी के लिए 370 और NDA के लिए 400+ सीटों का लक्ष्य हासिल करना है तो यह संख्या महत्वपूर्ण है।
आंध्र प्रदेश से ताजा अलायंस की जानकारी उन अटकलों के बीच आई है कि बीजेपी ओडिशा में नवीन पटनायक की बीजू जनता दल (बीजेडी) के साथ गठबंधन बनाने की कोशिश कर रही है। बताया जा रहा है कि दोनों पार्टियों के बीच बातचीत अंतिम चरण में है, बस औपचारिक घोषणा का इंतजार है।
यदि ऐसा होता है, तो 2008 में कंधमाल दंगों के बाद 2009 में अपना नाता तोड़ने के 15 साल बाद बीजद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में वापस आ जाएगी। बता दें कि लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कभी भी हो सकता है।