Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर केंद्र में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने आगामी लोकसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट पर गुरुवार रात को राष्ट्रीय राजधानी में भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक की अध्यक्षता की। गुरुवार रात करीब 10:30 बजे शुरू हुई बैठक चार घंटे से ज्यादा समय तक चली। यह हाईप्रोफाइल बैठक पार्टी मुख्यालय में हुई।
बीजेपी कब जारी करेगी पहली लिस्ट?
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, संगठन महासचिव बीएल संतोष सहित शीर्ष नेता, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रभारी, सह-प्रभारी और सभी राज्यों के चुनाव प्रभारी बैठक में मौजूद थे। नेताओं ने करीब 17 राज्यों की लोकसभा सीटों पर चर्चा की। सूत्रों ने बताया कि 155 से ज्यादा सीटों पर मुहर लग चुकी है, जिसकी लिस्ट एक-दो दिन में जारी कर दी जाएगी।
इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव आयोग द्वारा अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनावों की तारीखें जारी होने से पहले बीजेपी उत्तर प्रदेश में "कमजोर सीटों" पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है। बैठक में उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, असम, उत्तराखंड और गोवा के मुख्यमंत्री भी मौजूद थे।
बैठक में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी नेता प्रह्लाद पटेल और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी मौजूद रहे, जहां मध्य प्रदेश की सभी 29 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों को लेकर चर्चा हुई।
इन राज्यों में जारी होंगे पहले नाम
सूत्रों ने संकेत दिया है कि तेलंगाना से 4-5 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा जल्द ही की जा सकती है। तीन मौजूदा सांसदों जी किशन रेड्डी, बंदी संजय कुमार और अरविंद धर्मपुरी को भी दोबारा टिकट मिल सकता है। बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उम्मीदवारों के नामों को लेकर चर्चा हुई। यूपी के अलावा छत्तीसगढ़, राजस्थान, केरल, गुजरात, झारखंड और उत्तराखंड के भाजपा नेताओं के साथ उम्मीदवारों के नामों पर भी चर्चा हुई।
बीजेपी सूत्रों ने बताया कि बैठक में असम के उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई। बीजेपी वहां 11 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल डिब्रूगढ़ से चुनाव लड़ सकते हैं, जबकि राज्य मंत्री रामेश्वर तेली को राज्यसभा भेजा जा सकता है। जम्मू की सीटों के लिए उम्मीदवारों पर भी चर्चा हुई, जबकि कश्मीर के लिए अगली बैठक में विचार-विमर्श किया जाएगा।
साथ ही दिल्ली की दो से तीन सीटों पर भी चर्चा हुई, लेकिन बैठकों का एक और दौर होगा। गोवा में एक सीट पर उम्मीदवार तय हो चुके हैं, जबकि एक सीट पर अभी फैसला होना बाकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार के लोकसभा चुनाव में '400 पार' का नारा दिया है। जबकि बीजेपी का लक्ष्य अपने दम पर 370 से ज्यादा सीटें जीतने का है।