Lok Sabha Elections 2024: आंध्र प्रदेश में BJP-TDP गठबंधन पर आज लगेगी मुहर, दिल्ली पहुंच रहे हैं चंद्रबाबू नायडू

Lok Sabha Elections 2024: जन सेना पार्टी के नेता पवन कल्याण ने बुधवार को तेलुगु देशम पार्टी के अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू से उनके आवास पर मुलाकात की। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं ने आंध्र प्रदेश विधानसभा और लोकसभा के आगामी चुनावों के लिए BJP को गठबंधन सहयोगी बनाने पर चर्चा की

अपडेटेड Mar 07, 2024 पर 6:09 PM
Lok Sabha Elections 2024: सीट बंटवारे के समझौते को अंतिम रूप देने के लिए BJP-TDP के बीच अहम बैठक होगी

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 में 400 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का दायरा बढ़ाने में जुटी भारतीय जनता पार्टी (BJP) को दक्षिण के राज्य आंध्र प्रदेश में तेलुगू देशम पार्टी (TDP) का साथ मिल सकता है। गठबंधन की अटकलों के बीच TDP प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू (N Chandrababu Naidu) गुरुवार को दिल्ली पहुंच रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि नायडू आंध्र प्रदेश में एक साथ होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए सीट बंटवारे के समझौते को अंतिम रूप देने के लिए बीजेपी नेताओं के साथ बैठक कर सकते हैं।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब इस बात के साफ संकेत मिल रहे हैं कि ओडिशा का सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (BJD) भी NDA में शामिल हो सकता है। BJP और BJD के नेता इस गठबंधन को अंतिम रूप देने की कगार पर हैं। दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं ने बुधवार को अलग-अलग बैठकें कीं, जिससे इस संभावना को और बल मिला। रिपोर्ट के मुताबिक, जन सेना पार्टी के नेता पवन कल्याण के भी दिल्ली पहुंचने की संभावना है।

नायडू बीजेपी नेतृत्व से कर चुके हैं मुलाकात


चंद्रबाबू नायडू ने फरवरी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात की थी। इसके बाद इन अटकलों को बल मिला था कि वे गठबंधन की ओर बढ़ रहे हैं। हालांकि अब तक चीजें ठोस रूप से सामने नहीं आई हैं। सूत्रों ने बताया कि दोनों दलों के बीच इस बात को लेकर मतभेद था कि बीजेपी आंध्र प्रदेश में कितनी सीट पर चुनाव लड़ेगी। दक्षिण के इस राज्य में बीजेपी की उपस्थिति प्रभावी नहीं रही है।

अभिनेता पवन कल्याण की अगुवाई वाली जन सेना पार्टी ने पहले ही TDP के साथ हाथ मिला लिया है। वह चाहती है कि बीजेपी भी इसमें सहयोगी बने ताकि राज्य की सत्ता से YSR कांग्रेस पार्टी के प्रमुख और सीएम जगन मोहन रेड्डी को बेदखल किया जा सके। जन सेना फिलहाल NDA की सदस्य है। राज्य में लोकसभा की 25 और विधानसभा की 175 सीट हैं।

10 सीट पर लड़ना चाहती है BJP

बीजेपी आंध्र प्रदेश में 8 से 10 संसदीय सीट पर चुनाव लड़ना चाहती है। TDP के एक नेता ने पीटीआई को बताया कि उनकी पार्टी का मानना है कि BJP को बहुत अधिक सीट देने से राज्य की सत्तारूढ़ YSR कांग्रेस को फायदा मिलेगा।

ये भी पढ़ें- दो भोजपुरी एक्ट्रेस और एक फैशन डिजाइनर... पवन सिंह की जगह आसनसोल में BJP इन्हें दे सकती है टिकट

BJP के लिए जो बात जटिल हो गई है, वह यह है कि YSR कांग्रेस के अध्यक्ष जगन मोहन रेड्डी संसद में मोदी सरकार के एजेंडे का स्पष्ट रूप से समर्थन करते रहे हैं। इसके वरिष्ठ नेताओं के साथ उनके अच्छे व्यक्तिगत संबंध हैं। हालांकि, प्रदेश BJP के कई नेता तेदेपा के साथ गठबंधन के पक्ष में हैं क्योंकि उनका मानना है कि रेड्डी सरकार का एजेंडा उनकी पार्टी के दीर्घकालिक हितों के खिलाफ है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।