Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस को बड़ा झटका, राहुल-प्रियंका के करीबी और राष्ट्रीय सचिव अजय कपूर BJP में शामिल

Lok Sabha Elections 2024: 2002 से 2017 के बीच कानपुर से तीन बार कांग्रेस विधायक रह चुके 56 वर्षीय अजय कपूर को पार्टी द्वारा लोकसभा चुनाव में कानपुर सीट से मैदान में उतारने की अटकलें थीं। कपूर कानपुर की गोविंद नगर और किदवई नगर विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं

अपडेटेड Mar 13, 2024 पर 3:39 PM
Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अजय कपूर दिल्ली में बीजेपी में शामिल हुए

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 से पहले उत्तर प्रदेश के पूर्व कांग्रेस विधायक अजय कपूर (Ajay Kapoor joins BJP) ने बुधवार (13 मार्च) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी की मौजूदगी में उन्होंने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। कानपुर के विधायक रहे अजय कपूर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव थे। साथ ही वह बिहार के सह-प्रभारी भी थे। कपूर की गिनती राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के करीबी नेताओं में होती थी।

2002 से 2017 के बीच कानपुर से तीन बार कांग्रेस विधायक रह चुके 56 वर्षीय कपूर को पार्टी द्वारा लोकसभा चुनाव में कानपुर सीट से मैदान में उतारने की अटकलें थीं। कपूर कानपुर की गोविंद नगर और किदवई नगर विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। हालांकि, वह 2022 में किदवई नगर सीट से यूपी विधानसभा चुनाव हार गए।

कपूर उन कांग्रेस नेताओं की कतार में शामिल हो गए हैं जो 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी और अन्य दलों में शामिल हो गए हैं। इससे पहले दिन में महाराष्ट्र में कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पद्माकर वलवी बीजेपी में शामिल हुए थे।


ये भी पढ़ें- Lok Sabha Elections 2024: भोजपुरी सिंगर पवन सिंह ने लिया यू-टर्न, अब चुनाव लड़ने का किया ऐलान

उम्मीद है कि निर्वाचन आयोग कुछ दिनों में अप्रैल-मई लोकसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली BJP सरकार पिछले दस वर्षों से केंद्र में सत्ता में है और पार्टी रिकॉर्ड लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।