Lok Sabha polls: टूट के कगार पर I.N.D.I.A. गठबंधन, अब तमिलनाडु में कमल हासन ने दिया झटका

Lok Sabha Election 2024: अभिनेता से नेता बने कमल हासन ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी मक्कल निधि मय्यम (MNM) अभी विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. में शामिल नहीं हुई है। उनके इस ऐलान से सबसे बड़ा झटका कांग्रेस को लगने वाला है, क्योंकि खबर है कि वह तमिलनाडु में सत्ताधारी DMK के साथ करार कर सकते हैं

अपडेटेड Feb 21, 2024 पर 4:38 PM
Story continues below Advertisement
लोकसभा चुनाव से पहले ही I.N.D.I.A. के पार्टियों के बीच बिखराव हो गया है

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के लिए बने विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A. (इंडियन नेशनल डेवलेपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) के पार्टियों के बीच बिखराव हो गया है। यूपी में समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस (Congress) का गठबंधन लगभग खत्म हो गया है। इसी तरह पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) ने कांग्रेस से किनारा कर लिया है। इस बीच, अब 'इंडिया' गठबंधन को तमिलनाडु में बड़ा झटका लगा है। अभिनेता से नेता बने कमल हासन (Kamal Haasan) ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी मक्कल निधि मय्यम (MNM) अभी विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. में शामिल नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि वह देश के बारे में निस्वार्थ भाव से सोचने वाले किसी भी गठबंधन का समर्थन करेंगे।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के राजनीतिक गठबंधन के लिए बातचीत की जा रही है, लेकिन उनकी पार्टी 'सामंती राजनीति' का हिस्सा बनने से बचेगी। अपनी पार्टी की सातवीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में हासन ने मशहूर तमिल एक्टर विजय के हाल में राजनीति में आने का भी स्वागत किया।

यह पूछने पर कि क्या MNM विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A. में शामिल होगी, इस पर हासन ने कहा, "मैंने पहले ही कहा है कि यह वक्त दलगत राजनीति से ऊपर उठने और देश के बारे में सोचने का है। जो भी देश के बारे में निस्वार्थ भाव से सोचता है, मेरी एमएनएम उसका हिस्सा बनेगी।" लेकिन उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी स्थानीय सामंती राजनीति करने वाले दलों के साथ हाथ नहीं मिलाएगी।


यह पूछने पर कि क्या वह I.N.D.I.A. गठबंधन में शामिल हो गए हैं, इस पर हासन ने कहा, "नहीं, मैं शामिल नहीं हुआ हूं।" अपने पार्टी के संभावित राजनीतिक गठबंधन पर उन्होंने कहा, "बातचीत की जा रही है।" इस संबंध में कोई भी अच्छी खबर मीडिया को दी जाएगी।

ऐसी अटकलें हैं कि हासन की पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री एम के स्टालिन के नेतृत्व वाली द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) के साथ गठबंधन को लेकर बातचीत की है। मक्कल निधि मय्यम ने 2019 का लोकसभा चुनाव और 2021 का तमिलनाडु विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वह कोई खास प्रदर्शन नहीं कर पाई थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।