Lok Sabha Elections 2024: पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह (Yuvraj Singh) जल्द ही अपनी नई पारी शुरू कर सकते हैं। ऐसी अटकलें हैं कि युवराज भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम कर, अब एक नई राजनीतिक पारी शुरू कर सकते हैं। ये अटकलें तेज हैं, क्योंकि न तो बीजेपी के सूत्र और न ही युवराज के परिवार के करीबी सूत्र इससे इनकार कर रहे हैं। News18 के मुताबिक, युवराज सिंह बीजेपी के दो नेताओं, एक पार्टी के पंजाब अध्यक्ष सुनील जाखड़ और दूसरे नरेंद्र मोदी सरकार में एक युवा कैबिनेट मंत्री - के जरिए बीजेपी के संपर्क में हैं।
अगर बातचीत सफल होती है, तो युवराज सिंह को लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) में पंजाब के गुरदासपुर से मैदान में उतारा जा सकता है, जहां मौजूदा सांसद सनी देओल ने दोबारा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है और BJP भी उन्हें दूसरा मौका देने को कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रही है।
2009 के बाद से ये लोकसभा सीट कांग्रेस और बीजेपी के बीच बदलती रही है। गुरदासपुर में 2019 में सीट जीतने के बाद से ही सनी देओल को लेकर इलाके के लोगों में काफी गुस्सा है, क्योंकि वह अपने क्षेत्र में आते नहीं हैं।
युवराज सिंह को क्यों चाहती है बीजेपी?
ऐसे में बीजेपी एक लोकप्रिय युवा पंजाबी चेहरे के साथ देओल की सत्ता विरोधी लहर का मुकाबला करना चाहती है। कोई ऐसा जो इलाके से ज्यादा दूर न रहता हो, क्योंकि सनी मुंबई में रहते हैं। युवराज सिंह चंडीगढ़ में ही रहते हैं।
News18 ने युवराज के मैनेजर अनीश गौतम से भी इस बारे में जानना चाहा, हालांकि, उन्होंने आर्टिकल लिखे जाने तक उनका कोई जवाब नहीं आया। हालांकि, इस मशहूर क्रिकेटर के परिवार के एक करीबी सूत्र ने इस चर्चा से इनकार नहीं किया। उसने कहा, "अगर वह (भाजपा) में शामिल होंगे, तो आपको पता चल जाएगा।"
हाल ही में, 2011 वर्ल्ड कप के हीरो - अपनी मां शबनम सिंह के साथ - नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिले। शुभकामनाओं के अलावा, गडकरी ने क्रिकेटर को एक किताब भी उपहार में दी। इसके बाद से ही चर्चा तेज हो गई है।
केंद्र सरकार को 2021 में तीन कृषि कानूनों को वापस लेने के लिए मजबूर होना पड़ा और साल भर चले किसानों के विरोध ने पंजाबी मतदाताओं के एक बड़े वर्ग को BJP से अलग कर दिया।
बाकी मांगों के साथ-साथ MSP कानून की मांग को लेकर किसानों के विरोध प्रदर्शन की हालिया लहर और उसके बाद सड़कों पर टकराव ने पंजाब और बीजेपी के बीच के घाव को ठीक नहीं किया है। इसके बावजूद कि मोदी सरकार ने MSP पर धान की 99 प्रतिशत फसल खरीदी है। पिछले सीजन में पंजाब और राज्य की 74 फीसदी गेहूं की फसल हुई थी।
इसलिए, एक पंजाबी भाषी पूर्व क्रिकेटर, जिसने कई मौकों पर भारत का मान बढ़ाया है, पंजाब में बीजेपी के लिए नुकसान को कुछ हद तक कम करने में मददगार साबित हो सकता है। राज्य में 13 लोकसभा सीटें हैं। अगर बीजेपी वास्तव में उन्हें पार्टी में शामिल करने में सफल हो जाती है, तो युवराज न केवल पंजाब में बल्कि हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी पार्टी को मदद कर सकते हैं।