दो पत्नियों वाले पुरुषों को मिलेंगे दो लाख रुपए!, जोश-जोश में ये क्या बोल गए कांग्रेस नेता कांतिलाल भूरिया, खड़ा हो गया विवाद

MP Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस के घोषणापत्र के अनुसार, महालक्ष्मी योजना के तहत, महिलाओं को गरीबी रेखा से नीचे (BPL) सेक्शन से बाहर निकलने तक प्रति माह 8,500 रुपए मिलेंगे। भूरिया का मुकाबला मध्य प्रदेश के वन मंत्री नागर सिंह चौहान की पत्नी अनिता चौहान से है। रतलाम में 13 मई को लोकसभा चुनाव होंगे

अपडेटेड May 10, 2024 पर 12:33 AM
MP Lok Sabha Election 2024: दो पत्नियों वाले पुरुषों को मिलेंगे दो लाख रुपए!, जोश-जोश में ये क्या बोल गए कांग्रेस नेता कांतिलाल भूरिया

पूर्व केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश के रतलाम से कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया ने गुरुवार को एक ऐसा दावा कर दिया, जिसके बाद बवाल मच गया। उन्होंने कहा कि दो पत्नियों वाले पुरुषों को उनकी पार्टी की महालक्ष्मी योजना के तहत 2 लाख रुपए मिलेंगे। कांग्रेस ने इस योजना के तहत गरीब महिलाओं को सालाना 1 लाख रुपए देने का वादा किया है। इस बयान पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उसने 73 साल के भूरिया के खिलाफ भारत के चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की। भूरिया पिछली कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) सरकार में आदिवासी मामलों के केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं।

भूरिया ने सैलाना में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, "हमारा घोषणा पत्र हर महिला को 1 लाख रुपए देने का वादा करता है। यह उनके बैंक अकाउंट में जमा किया जाएगा। जिस व्यक्ति की दो पत्नियां हैं, वे दोनों इसके अंतर्गत आएंगी।"


मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रमुख ने भी किया समर्थन

उन्होंने कांग्रेस के 'न्याय पत्र ' में महिलाओं से किए गए वादों का जिक्र किया। इसी दौरान उन्होंने ये भी कह दिया,‘सभी घर की महिलाओं को एक लाख रुपए मिलेगा। जिसकी दो पत्नियां हैं, उन्हें दो लाख रुपए सालाना दिए जाएंगे।"

इस मौके पर बोलते हुए, मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रमुख जीतू पटवारी ने भी उनका समर्थन कर दिया और कहा "भूरिया जी ने अभी एक शानदार घोषणा की है कि दो पत्नियों वाले व्यक्ति को दोगुनी (₹1 लाख की वित्तीय सहायता) मिलेगी।"

क्या है कांग्रेस की महालक्ष्मी योजना?

कांग्रेस के घोषणापत्र के अनुसार, महालक्ष्मी योजना के तहत, महिलाओं को गरीबी रेखा से नीचे (BPL) सेक्शन से बाहर निकलने तक प्रति माह 8,500 रुपए मिलेंगे।

इस बीच, मध्य प्रदेश बीजेपी के प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने भूरिया के बयान की क्लिप सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपलोड की और चुनाव आयोग को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की।

भूरिया ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आदिवासियों का अपमान करने और सीधी में एक बीजेपी नेता की तरफ से एक आदिवासी पर पेशाब किए जाने पर चुप रहने का आरोप लगाया।

भूरिया का मुकाबला मध्य प्रदेश के वन मंत्री नागर सिंह चौहान की पत्नी अनिता चौहान से है। रतलाम में 13 मई को लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) होंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।