Haryana Political Crisis: मनोहर लाल खट्टर के इस्तीफे के बाद नायब सिंह सैनी (Naib Singh Saini) हरियाणा के नए मुख्यमंत्री होंगे। जबकि मनोहर लाल खट्टर (Manohar Lal Khattar) करनाल से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। BJP की हरियाणा इकाई के प्रमुख नायब सिंह सैनी फिलहाल कुरुक्षेत्र से सांसद हैं। वह मंगलवार (12 मार्च) शाम पांच बजे हरियाणा के नए सीएम पद की शपथ लेंगे। नायब सिंह सैनी अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) से ताल्लुक रखते हैं। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का काफी करीबी माना जाता है।
बीजेपी के साथ उन्होंने अपना राजनीतिक सफर भारतीय जनता पार्टी के सहयोगी के रूप में साल 1996 से शुरू किया। उन्होंने भगवा पार्टी के साथ मिलकर साल 2000 तक काम किया। इसके बाद साल 2002 में उन्हें युवा मोर्चा भारतीय जनता पार्टी अंबाला का जिला महामंत्री बनाया गया। इसके बाद वह साल 2005 में युवा मोर्चा बीजेपी के जिला अध्यक्ष के पद पर रहे।
मनोहर लाल ने दिया इस्तीफा
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और उनके साथी कैबिनेट मंत्रियों ने प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को मंगलवार को अपना इस्तीफा सौंप दिया। राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जननायक जनता पार्टी (JJP) गठबंधन में लोकसभा चुनाव से पहले सीट बंटवारे को लेकर दरार पैदा होने की अटकलों के बीच यह घटनाक्रम सामने आया है। राज्य मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री खट्टर समेत 14 मंत्री शामिल थे। इसमें उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के नेतृत्व वाली JJP के तीन सदस्य थे। अब इन सभी ने इस्तीफा दे दिया है।
JJP की बैठक में नहीं पहुंचे सभी विधायक
बताया जा रहा है कि JJP के 5 से 6 विधायक नई दिल्ली में पार्टी द्वारा बुलाई गई बैठक में शामिल नहीं हुए। कई बीजेपी नेताओं ने पहले कहा था कि पार्टी राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा द्वारा पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और बीजेपी के राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला 'हरियाणा निवास' में हैं।
वर्तमान में, 90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के 41 विधायक और JJP के 10 विधायक हैं। इस गठबंधन को 7 में से 6 निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन प्राप्त है। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के 30 विधायक हैं। जबकि इंडियन नेशनल लोकदल तथा हरियाणा लोकहित पार्टी के पास एक-एक सीट है। बीजेपी ने 2019 में राज्य की सभी 10 लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी।