प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने 10 अप्रैल को कहा कि आर्टिकल 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में गुड गवर्नेंस और विकास की जो प्रक्रिया शुरू हुई है उस पर भरोसा करने के लिए आपको उसे देखना होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र-शासित क्षेत्र के लोगों को उम्मीद की नई किरण दिख रही है। शांति के माहौल का फायदा उन्हें मिल रहा है। उन्होंने मशहूर मैग्जीन Newsweek को दिए इंटरव्यू में ये बातें कहीं। वह इस साप्ताहिक के कवर पर दिखने वाले इंडिया के पहले प्रधानमंत्री हैं। इस इंटरव्यू में उन्होंने अपने सरकार के बड़े फैसले से जुड़े मुश्किल सवालों के जवाब दिए। खासकर कश्मीर से जुड़े सवालों का उन्होंने विस्तार से जवाब दिया।
कश्मीर के लोगों की जिंदगी में नई उम्मीद जगी
जम्मू-कश्मीर के बारे में उन्होंने कहा कि उनकी और दूसरों की बातों पर भरोसा करने की जगह लोगों को खुद यह देखना चाहिए कि कैसे कश्मीर जी20 और मिस वर्ल्ड जैसे कार्यक्रमों का गंतव्य बन गया है। वहां फॉर्मूला 4 रेसिंग जैसे स्पोर्ट्स इवेंट्स हो रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैं पिछले महीने जम्मू एवं कश्मीर गया था। पहली बार वहां के लोगों की जिंदगी में नई उम्मीद जगी है। विकास का प्रक्रिया, गुड गवर्नेंस और लोगों की क्षमता में वृद्धि पर भरोसा करने के लिए आपको खुद ये चीजें देखनी होंगी।"
2023 में 2 करोड़ लोग कश्मीर घूमने गए
प्रधानमंत्री ने कहा कि विशेष राज्य का दर्जा खत्म होने के बाद डिजिटल इकोनॉमी, स्टार्टअप्स, इनोवेशन और स्मार्ट सॉल्यूशंस के लिए जगह बनी है। आंतकी घटनाओं, प्रदर्शन और पत्थरबाजी जैसी घटनाओं पर रोक लगी है। बतौर पर्यटन स्थल जम्मू एवं कश्मीर के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि 2023 में 2.1 करोड़ लोग वहां घूमने गए हैं। एक समय था जब प्रदर्शन और पत्थरबाजी जैसी घटनाओं की वजह से लोगों की जिंदगी मुश्किल हो गई थी। अब ये कल की बातें हो चुकी हैं। कश्मीर महिलाओं और युवाओं का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि उनके लिए नया सवेरा हुआ है। आज कश्मीर की महिलाएं को प्रॉपर्टी में वही अधिकार हासिल हैं जो पुरुषों को हैं।
चीन के साथ बेहतर संबंध दोनों देशों के लिए फायदेमंद
चीन के साथ संबंधों को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में पीएम मोदी ने कहा कि द्विपक्षीय संबंधों को जल्द सामान्य बनाने की जरूरत है। इसकी वजह यह है कि यह रिश्ता भारत के लिए अहम और महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, "मेरा ऐसा मानना है कि हमारी सेवाओं पर लंबे समय से चली आ रही तनाव की स्थिति को जल्द खत्म करने की जरूरत है ताकि रिश्तों में आई खटास को हम पीछे छोड़ सके। इंडिया और चीन के बीच शांतिपूर्ण संबंध न सिर्फ हम दोनों देशों के लिए अहम है बल्कि यह पूरे इलाके और दुनिया के लिए फायदेमंद है।"
पाक से शांतिपूर्ण रिश्ते जरूरी
पाकिस्तान के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने शहबाज शरीफ को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी है। लेकिन, वह पाकिस्तान के अंदरूनी मसलों (इमरान खान जेल में) के बारे में कोई टिप्पणी करना नहीं चाहते। उन्होंने कहा, "इंडिया ने हमेशा आंतवाद और हिंसा से मुक्त माहौल में शांति, सुरक्षा और समृद्धि को बढ़ावा देने की वकालत की है।"
राम मंदिर सदियों पुराने के संकल्प और त्याग का नतीजा
अयोध्या में बने राम मंदिर को प्रधानमंत्री मोदी ने सदियों के संकल्प और त्याग का नतीजा बताया। उन्होंने कहा, "जब मुझे प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण मिला तो मैं जानता था कि मैं देश के 1.4 अरब लोगों का प्रतिनिधित्व करूंगा। इन लोगों ने भगवान राम के अयोध्या लौटने का सदियों इंतजार किया है। मुझे उन अनगितन श्रद्धालुओं की आकांक्षाओं का अहसास था जो उत्सुकता से इस दिन का इंतजार कर रहे थे। "
यह भी पढ़ें: भारत-चीन सीमा विवाद पर बोले PM Modi- "इसे तुरंत सुलझाने की जरूरत, द्विपक्षीय संबंधों में 'असामान्यता' को छोड़ना होगा पीछे"