AAP ने पंजाब के लिए जारी की नई लिस्ट! मौजूदा 3 विधायकों पर खेला दांव, BJP ने केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश का टिकट काटा

Punjab Lok Sabha Election 2024: AAP के राष्ट्रीय महासचिव संदीप पाठक ने कहा कि मुक्तसर विधानसभा क्षेत्र से विधायक बराड़, बटाला से विधायक कलसी और लुधियाना सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र से विधायक पप्पी को लोकसभा का टिकट दिया गया है। टीनू शिरोमणि अकाली दल को छोड़कर हाल ही में AAP में शामिल हुए हैं

अपडेटेड Apr 16, 2024 पर 2:35 PM
Story continues below Advertisement
Punjab Lok Sabha Election 2024: लुधियाना लोकसभा क्षेत्र से अशोक पाराशर पप्पी को मैदान में उतारा है

Punjab Lok Sabha Election 2024: आम आदमी पार्टी (AAP) ने लोकसभा चुनावों के लिए मंगलवार (16 अप्रैल) को पंजाब में 4 और उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की। पूर्व विधायक पवन कुमार टीनू को जालंधर (सुरक्षित) सीट से मैदान में उतारा गया है। AAP ने टीनू के अलावा पार्टी के 3 मौजूदा विधायकों को भी लोकसभा चुनाव का टिकट दिया है। इनमें फिरोजपुर से जगदीप सिंह काका बराड़, गुरदासपुर से अमनशेर सिंह कलसी और लुधियाना लोकसभा क्षेत्र से अशोक पाराशर पप्पी को मैदान में उतारा है।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संदीप पाठक ने कहा कि मुक्तसर विधानसभा क्षेत्र से विधायक बराड़, बटाला से विधायक कलसी और लुधियाना सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र से विधायक पप्पी को लोकसभा का टिकट दिया गया है। टीनू शिरोमणि अकाली दल को छोड़कर हाल ही में AAP में शामिल हुए हैं।

AAP ने इस घोषणा के साथ ही पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीट पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A.) का घटक दल होने के बावजूद 'आप' पंजाब में लोकसभा चुनाव अपने दम पर लड़ रही है।


पिछले महीने AAP ने आगामी लोकसभा चुनावों के लिए 8 उम्मीदवारों के नाम जारी किए। इनमें 5 पंजाब कैबिनेट मंत्री थे। पंजाब की 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव के आखिरी चरण में 1 जून को मतदान होगा।

कांग्रेस ने भी जारी की नई लिस्ट

इस महीने की शुरुआत में AAP ने कांग्रेस विधायक राज कुमार चब्बेवाल और मालविंदर सिंह कांग को लोकसभा चुनाव के लिए नामित किया था। चब्बेवाल होशियारपुर से और कांग आनंदपुर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। रविवार को कांग्रेस ने जालंधर-एससी लोकसभा सीट के लिए पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर दांव लगाया।

पार्टी ने अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला और फतेहगढ़ साहिब (एससी) से अमर सिंह को फिर से उम्मीदवार बनाया है। जबकि कांग्रेस ने पटियाला लोकसभा सीट से धरवीर गांधी और बठिंडा से जीत मोहिंदर सिंह सिद्धू को मैदान में उतारा है। अखिल भारतीय किसान विंग के प्रमुख सुखपाल सिंह खैरा संगरूर से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे।

BJP ने केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश का टिकट काटा

भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए मंगलवार को 7 और उम्मीदवारों की घोषणा की। मराठा राजा छत्रपति शिवाजी के वंशज उदयनराजे भोसले को महाराष्ट्र के सतारा से मैदान में उतारा है। बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश का पंजाब के होशियारपुर से टिकट काट दिया। लेकिन प्रभावशाली स्थानीय नेता के समर्थन को बरकरार रखने के लिए उनकी पत्नी अनीता सोम प्रकाश को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया।

ये भी पढ़ें- 'यह चुनाव उन्हें सजा देगा जो संविधान और 'विकसित भारत' के खिलाफ हैं', RJD-कांग्रेस पर बरसे PM मोदी

पार्टी ने पूर्व आईएएस अधिकारी परमपाल कौर सिद्धू को बठिंडा से मैदान में उतारा है, जो अकाली दल से लंबे समय से जुड़े एक प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से आती हैं। उत्तर प्रदेश में पार्टी ने दो सीट पर अपने मौजूदा सांसदों का टिकट काट दिया है। फिरोजाबाद से विश्वदीप सिंह और देवरिया से शशांक मणि त्रिपाठी को मैदान में उतारा। वहीं बीजेपी ने पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर से अभिजीत दास को उम्मीदवार बनाया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।