सैम पित्रोदा ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस से दिया इस्तीफा, नस्लभेदी बयान पर मचे बवाल के बाद छोड़ा अध्यक्ष पद

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पुष्टि की कि सैम पित्रोदा ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस अध्यक्ष पद से अपनी इच्छा से इस्तीफा दिया है और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उनके इस्तीफे को स्वीकार भी कर लिया। पित्रोदा के उस बयान को लेकर बुधवार को विवाद खड़ा हो गया, जिसमें उन्होंने कहा है कि ‘‘पूर्व के लोग चीनी और दक्षिण भारतीय अफ्रीकी नागरिकों जैसे दिखते हैं

अपडेटेड May 08, 2024 पर 7:42 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सैम पित्रोदा ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

कांग्रेस ओवरसीज के प्रमुख सैम पित्रोदा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस ने भी इसकी पुष्टि की है। पार्टी के मीडिया इंचार्ज जयराम रमेश ने बताया कि सैम पित्रोदा ने अपनी मर्जी से इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने उनका इस्तीफ़ा स्वीकार कर लिया है। कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा की उस टिप्पणी को लेकर बुधवार को विवाद खड़ा हो गया, जिसमें उन्होंने कहा है कि ‘‘पूर्व के लोग चीनी और दक्षिण भारतीय अफ्रीकी नागरिकों जैसे दिखते हैं।"

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सैम पित्रोदा (Sam Pitroda) की ‘‘नस्ली’’ टिप्पणियों को लेकर उन पर निशाना साधा और दावा किया कि इससे विपक्षी दल की ‘‘विभाजनकारी’’ राजनीति बेनकाब हो गई है।

कांग्रेस ने हालांकि पित्रोदा के बयान से खुद को अलग करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य बताया था। पार्टी ने कहा कि वो इन टिप्पणियों से खुद को ‘‘पूरी तरह से अलग’’ करती है।


ऐसा क्या बोल गए थे सैम पित्रोदा?

‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस’ के प्रमुख पित्रोदा ने एक पॉडकास्ट में कहा, ‘‘हम 75 साल से बहुत सुखद माहौल में रह रहे हैं, जहां कुछ लड़ाइयों को छोड़ दें, तो लोग साथ रह सकते हैं।’’

पित्रोदा ने सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए इस इंटरव्यू में कहा, ‘‘हम भारत जैसे विविधता से भरे देश को एकजुट रख सकते हैं। जहां पूर्व के लोग चीनी जैसे लगते हैं, पश्चिम के लोग अरब जैसे दिखते हैं, उत्तर के लोग गोरों और दक्षिण भारतीय अफ्रीकी जैसे लगते हैं।’’

उन्होंने कहा, "इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, हम सभी बहन-भाई हैं। भारत में अलग-अलग क्षेत्र के लोगों के रीति-रिवाज, खान-पान, धर्म, भाषा अलग-अलग हैं, लेकिन भारत के लोग एक-दूसरे का सम्मान करते हैं।"

PM मोदी भी हुए खूब नाराज

बीजेपी के लिए तेलंगाना में प्रचार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने कहा, “मैं आज गुस्से में हूं। अगर कोई मुझे गाली देता है, तो मुझे गुस्सा नहीं आता। मैं बर्दाश्त कर सकता हूं। लेकिन शहजादे के दार्शनिक ने इतनी बड़ी गाली दे दी, जिससे मुझे गुस्सा आ गया है।” मोदी ने पूछा, “क्या मेरे देश में त्वचा के रंग के आधार पर लोगों की क्षमता तय होगी?”

पित्रोदा की टिप्पणी से खुद को अलग करते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘X’ पर कहा, "सैम पित्रोदा की तरफ से भारत की विविधताओं को जो उपमाएं दी गई हैं, वह अत्यंत गलत और अस्वीकार्य हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इन उपमाओं से अपने आप को पूर्ण रूप से अलग करती है।"

BJP ने पित्रोदा की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव आगे बढ़ रहा है, विपक्षी पार्टी का मुखौटा उतरता जा रहा है।

पार्टी ने दावा किया कि पित्रोदा की ‘‘नस्ली’’ टिप्पणियों ने देश को नस्ल, धर्म और जाति के आधार पर बांटने की कांग्रेस की कोशिश को उजागर किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।