सोनिया गांधी बनी रहेंगी CPP प्रमुख, फिर से कांग्रेस संसदीय दल का नेता चुना गया

Sonia Gandhi: सोनिया गांधी को सीपीसी प्रमुख चुने जाने से पहले पार्टी की कार्य समिति की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर राहुल गांधी से आग्रह किया गया कि वह लोकसभा में नेता विपक्ष की जिम्मेदारी संभालें। इस दौरान सोनिया गांधी ने कहा कि 'भारत जोड़ो यात्रा' और 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' वास्तव में ऐतिहासिक आंदोलन थे जिन्होंने हमारी पार्टी को सभी स्तरों पर फिर से ताकत दी

अपडेटेड Jun 08, 2024 पर 7:32 PM
Story continues below Advertisement
Sonia Gandhi: कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने CPP पद के लिए सोनिया गांधी के नाम का प्रस्ताव रखा

Election Results 2024: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को शनिवार (8 जून) को एक बार फिर से कांग्रेस संसदीय दल (CPP) का प्रमुख चुन लिया गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने CPP पद के लिए सोनिया गांधी के नाम का प्रस्ताव रखा था। संविधान सदन (पुरानी संसद) के केंद्रीय कक्ष में शनिवार (8 जून) शाम करीब 7 बजे हुई कांग्रेस संसदीय दल की इस बैठक में पार्टी अध्यक्ष खड़गे ने सोनिया गांधी को सीपीसी प्रमुख नियुक्त करने का प्रस्ताव पेश किया जिसका पार्टी के सांसदों ने सर्वसम्मति से अनुमोदन किया।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इस दौरान सोनिया गांधी ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व वाले 'भारत जोड़ो यात्रा' और 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' वास्तव में ऐतिहासिक आंदोलन थे, जिन्होंने हमारी पार्टी को सभी स्तरों पर फिर से ताकत दी। उन्होंने कहा कि कई लोगों ने हमारे खात्मे की कहानी लिखी, लेकिन मल्लिकार्जुन खड़गे के दृढ़ नेतृत्व में हम डटे रहे।

उन्होंने कहा कि राहुल अपनी दृढ़ता, अभूतपूर्व व्यक्तिगत, राजनीतिक हमलों से मुकाबले को लेकर अपनी प्रतिबद्धता के लिए विशेष धन्यवाद के पात्र हैं। गांधी ने कहा कि हमें इस बात पर भी विचार करना चाहिए कि हम उन राज्यों में अपनी स्थिति कैसे सुधारें जहां हमारा प्रदर्शन हमारी अपेक्षाओं से काफी नीचे है।


ये भी पढ़ें- CWC Meeting: राहुल गांधी बनेंगे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष! कांग्रेस कार्यसमिति में प्रस्ताव पारित

राज्यसभा सांसद ने कहा कि संसद में कांग्रेस का संख्याबल महत्वपूर्ण तौर पर बढ़ा है, हमें I.N.D.I.A. गठबंधन के साझेदारों की ताकत से भी बल मिला। सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) को सीपीसी प्रमुख चुने जाने से पहले पार्टी की कार्य समिति की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर राहुल गांधी (Rahul Gandhi) से आग्रह किया गया कि वह लोकसभा में नेता विपक्ष की जिम्मेदारी संभालें।

बता दें कि इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने पिछले बार की तुलना में शानदार प्रदर्शन करते हुए 99 सीटें जीती हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में 9 जून को प्रधानमंत्री पद के लिए चुने गए नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। यह शपथ ग्रहण समारोह रविवार 9 जून को शाम 7:15 बजे होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।