Lok Sabha Elections 2024: राहुल गांधी के खिलाफ वायनाड से चुनाव लड़ रहे के. सुरेंद्रन कौन हैं?

Lok Sabha Elections 2024: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री वीके सिंह और अश्विनी चौबे के साथ ही पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी तथा विवादास्पद बयानों के लिए अकसर सुर्खियों में रहने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े का टिकट काट दिया है। जबकि अभिनेत्री कंगना रनौत और टेलीविजन सीरियल रामायण में भगवान 'राम' का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल को उम्मीदवार बनाया गया है

अपडेटेड Mar 25, 2024 पर 9:47 AM
Lok Sabha Elections 2024: के. सुरेंद्रन को 2020 में पार्टी का केरल प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था

Lok Sabha Elections 2024: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए रविवार (24 मार्च) को केरल की बाकी चार सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। बीजेपी ने अपने प्रदेश अध्यक्ष के. सुरेंद्रन (K. Surendran) को कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) से मुकाबला करने के लिए वायनाड निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा है। पार्टी ने शिक्षाविद और श्री शंकरा संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति के एस राधाकृष्णन, और अभिनेता से नेता बने जी कृष्णकुमार को क्रमशः एर्णाकुलम तथा कोल्लम सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है।

BJP द्वारा जारी उम्मीदवारों की सूची के मुताबिक, सरकारी महाविद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य टी एन सरसु उत्तरी पलक्कड़ जिले के अलाथुर से अपनी किस्तम आजमाएंगे। पार्टी केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) के बीच दशकों से चल रहे द्विध्रुवीय मुकाबले की परिपाटी को बदलने की कोशिश कर रही है।

BJP ने पहले राज्य की 12 सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की थी, जबकि उसकी सहयोगी बीडीजेएस राज्य में चार सीट पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी ने आश्चर्यजनक फैसला करते हुए कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले वायनाड से सुरेंद्रन को उतारने का फैसला किया। BJP राहुल गांधी के खिलाफ एक मजबूत उम्मीदवार खड़ा करके अपने विरोधियों को करारा जवाब देने की कोशिश कर रही है। माकपा ने यहां से एनी राजा को मैदान में उतारा है।


कौन हैं सुरेंद्रन? (Who is K Surendran?)

- सुरेंद्रन सबरीमाला मंदिर में अब तक चली आ रही परंपरा के विपरीत रजस्वला महिलाओं को प्रवेश देने के खिलाफ बीजेपी के उग्र आंदोलन का चेहरा थे। उन्हें 2020 में पार्टी का केरल प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था।

- कोझिकोड जिले के उलेयेरी निवासी सुरेंद्रन ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के वायनाड जिला अध्यक्ष के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में पथानमथिट्टा से चुनाव लड़ा था लेकिन हार गए। वह तीसरे स्थान पर थे।

- 2018 में सबरीमाला आंदोलन के दौरान सुरेंद्रन को गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने करीब एक महीने से अधिक समय जेल में बिताया था। 2021 के केरल विधानसभा चुनावों में उन्होंने दो निर्वाचन क्षेत्रों मंजेश्वरम और कोन्नी से चुनाव लड़ा, लेकिन दोनों जगह से हार गए।

ये भी पढ़ें- Lok Sabha Elections 2024: बीजेपी की 5वीं लिस्ट जारी! कंगना रनौत मंडी से लड़ेंगी चुनाव, अरुण गोविल को मेरठ से मिला टिकट, वरुण गांधी OUT

- सुरेंद्रन और पांच अन्य पर 2021 में मंजेश्वरम विधानसभा चुनाव में BSP उम्मीदवार के सुंदरा को दौड़ से हटने के लिए धमकी देने और रिश्वत देने का आरोप लगाया गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।